Thousands of people joined the procession shouting Jai-Jai Shri Ram
Thousands of people joined the procession shouting Jai-Jai Shri Ram 
मध्य-प्रदेश

जय-जय श्रीराम के नारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए हजारों लोग

Raftaar Desk - P2

मुरैना, 10 जनवरी (हि.स.)। जय-जय श्रीराम के गगनभेदी नारे लगाते हुए हजारों लोग रविवार को मुरैना शहर में निकाली गई शोभायात्रा में शामिल हुए। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण में जन-जन का समर्पण हो, इस उद्देश्य से यह शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बालिकाओं, महिलाओं, युवाओं व वृद्धों ने जोश के साथ भाग लिया। हाथ में भगवा ध्वज थामे सैकड़ों लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए इन दिनों निधि सर्मपण अभियान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद सहित अन्य समविचारी संगठनों द्वारा जिले भर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों से राम मंदिर निर्माण हेतु सहयोग लेना है। इसी क्रम में आज रविवार को श्री राम मंदिर निर्माण निधि सर्मपण अभियान द्वारा मुरैना शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली। रामभक्त दोपहर 12 बजे जीवाजीगंज स्थित राम मंदिर पर एकत्रित हुए। वहां से शोभयात्रा 1 बजे प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में महिलाऐं व बहिनें अपने सिर पर कलश रखकर चल रहीं थीं। वहीं सैकड़ों लोग अपने हाथों में भगवान ध्वज लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा कन्या विद्यालय मार्ग, गोपीनाथ की पुलिया, रुई की मंडी, सदर बाजार, हनुमान चौराहा, पुल तिराहा से एमएस रोड होते हुए जीवाजीगंज स्थित राम मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल महिला, बहिनों व शहर के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। शहरवासियों ने कई स्थानों पर पुष्प वर्षाकर स्वागत किया। हिन्दुस्थान समाचार/शरद-hindusthansamachar.in