thousands-of-people-farewell-to-indian-navy-soldier-cm-pays-tribute
thousands-of-people-farewell-to-indian-navy-soldier-cm-pays-tribute 
मध्य-प्रदेश

भारतीय नौसेना के जवान को हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई, सीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Raftaar Desk - P2

उज्जैन, 22 जनवरी (हि.स.)। भारतीय नौसेना में पदस्थ उज्जैन के जवान भास्कर पांडे को हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते की है। उज्जैन के राजेन्द्र नगर में रहने वाले नंदवल्लभ पांडे के 28 वर्षीय पुत्र भास्कर पांडे भारतीय नौसेना में अपनी सेवा देने के लिए वर्ष 2012 में ट्रेनिंग प्राप्त कर पोर्टब्लेयर अंडमान निकोबार में पदस्थ हुए थे। नौ वर्षों की सेवा के बाद उनकी पदस्थी विशाखापट्टनम में हुई थी। गत 19 जनवरी को अचानक हृदयगति रूकने से उनका निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह भास्कर की पार्थिव शरीर सम्मान के साथ महू स्थित मिलेट्री केम्प से उनके निवास स्थान राजेन्द्र नगर लाया गया, जहां परिवारजनों ने अंतिम दर्शन किए। मिलेट्री के वाहन में वीर सपूत का शव रखकर अंतिम यात्रा शुरू की गई। इस दौरान शहरवासी नमन के लिए हाथों में तिरंगा लेकर सडक़ों पर आ गए। शहरवासियों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। जवान को अंतिम नमन करने के लिए अंतिम यात्रा में सैलाब उमड़ पड़ा। देशभक्ति गीतों के साथ अमर शहीद के नारों से शहर गूंज उठा। यहां सैनिक सम्मान के साथ वीर सपूत को सलामी दी गई। उसके बाद मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, वहीं तराना विधायक महेश परमार ने उनके निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि -‘वीर सपूत भास्कर पांडे जी की आज अंतिम यात्रा को देखकर हम सबकी आंखें नम हैं। मन बहुत भारी और हृदय पीड़ा से भरा हुआ है। आप भले ही हमारे बीच सशरीर नहीं हैं, अपितु सर्वदा हमारे दिलों में एक अखण्ड प्रकाश पुंज की भांति देदीप्यमान रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि!’ हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in