राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बड़वानी सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया प्रदेश के माथे पर कलंक
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बड़वानी सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया प्रदेश के माथे पर कलंक  
मध्य-प्रदेश

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बड़वानी सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया प्रदेश के माथे पर कलंक

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने शुक्रवार को जारी अपने वक्तव्य में प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा की दयनीय स्थिति पर गंभीर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक ओर तो प्रदेश की पुलिस दलितों और महिलाओं के साथ पशुओं जैसा व्यवहार कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था पर उसका बिल्कुल भी नियंत्रण नहीं है। अपराधी सरेआम लूट और बलात्कार जैसी जघन्य, पाशविक और शर्मनाक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे प्रदेश की महिलाएं सहमी हुई हैं। अपने बयान में प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति, पुलिस की नाकामी और उसके खराब व्यवहार को कठघरे में खड़ा करते हुए ओझा ने अपने वक्तव्य में आगे कहा कि प्रदेश में महिला अत्याचार, बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म की सिलसिलेवार घटनाओं ने प्रदेश के नागरिकों, खासकर बच्चियों और महिलाओं को दहला कर रख दिया है। शोभा ओझा ने कहा की गुना में दलित महिला के साथ पुलिस बर्बरता की घटना के बाद बड़वानी में एक महिला के साथ घटित सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूट की घटना ने प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उल्लेखनीय है कि अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद थे कि महिला के पति को बंधक बनाकर, दिनदहाड़े ही, उसके सामने पूरी घटना को अंजाम दिया गया। किसी भी राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का इससे बदतरीन उदाहरण कोई दूसरा नहीं हो सकता। अपने बयान के अंत में शोभा ओझा ने कहा कि बड़वानी में हुई सामूहिक दुष्कर्म की इस शर्मनाक घटना के सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, अपराधियों के हौंसले पस्त हों और प्रदेश की खस्ताहाल कानून व्यवस्था शीघ्र पटरी पर आए, इसके लिए महिला सुरक्षा के नाम पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चाहिए कि वे केवल जुबानी जमाखर्च की बजाय कोई वास्तविक, ठोस और कड़ा कदम उठाएं, जिनसे नागरिकों, खासकर महिलाओं को, न केवल अविलंब राहत मिले बल्कि उनमें प्रदेश की कानून व्यवस्था के प्रति एक विश्वास का भाव भी पैदा हो सके। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in