राजगढ़, 11 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण महाअभियान के तहत राजगढ़, सारंगपुर, सुठालिया, जीरापुर, पचोर सहित अन्य शहरों के साथ ही सोमवार को ब्यावरा और नरसिंहगढ़ में रामभक्तों ने दोपहिया वाहन रैली निकाली। भाव जागरण वाहन रैली स्थानीय पीपल चौराहा स्थित बड़ा स्कूल से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी तादाद में रामभक्त शामिल हुए, जिन्होंने जय-जय श्रीराम,हर-हर महादेव के जयकारे लगाकर उत्साह मनाया। दोपहिया वाहन रैली स्कूल से प्रारंभ होकर शहर के अहिंसाद्वार, इंदौर नाका, जगात चौक से होते हुए स्कूल पहुंची, जिसका जगह-जगह सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर सत्कार किया। विश्व हिन्दू परिषद् के जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि 492 वर्ष के संघर्ष और बलिदान के बाद प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है,इसके तहत भाव जागरण वाहन रैली निकाली जा रही है। भव्य वाहन रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह पुलिसबल तैनात किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिलवर यादव, पूर्व विधायक नारायणसिंह पंवार, विहिप के जिला महामंत्री मुकेश सेन, जिला कोषाध्यक्ष संतोष चौरसिया, बजरंग दल के हर्ष तोमर, गौरक्षा प्रमुख पिंकू बना, भाजपा नेता अमित शर्मा, रवि बड़ोने,राजू यादव सहित बड़ी तादाद में श्रीराम भक्त मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज पाठक-hindusthansamachar.in