mp-instructions-to-close-anganwadi-center-till-further-orders
mp-instructions-to-close-anganwadi-center-till-further-orders 
मध्य-प्रदेश

मप्र: आंगनबाड़ी केन्द्र आगामी आदेश तक बंद करने के निर्देश

Raftaar Desk - P2

इंदौर, 08 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम हेतु इन्दौर जिले की स्थानीय परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित समस्त आंगनबाड़ी केन्द्र तथा उप आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन शुक्रवार, 09 अप्रैल 2021 से आगामी आदेश पर्यन्त बन्द किया गया है। बंद के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों एवं हितग्राहियों की उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीएल पासी ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले पात्र हितग्राहियों, बच्चों एवं महिलाओं का पोषण आहार वर्तमान व्यवस्था अनुसार उनके अभिभावकों द्वारा आंगनबाड़ी से प्राप्त किया जायेगा। जिन हितग्राहियों द्वारा पोषण आहार प्राप्त नहीं किया जाता हैस उनके घरों तक पोषण आहार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका द्वारा पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। आंगनबाड़ी केन्द्र की सभी महत्वपूर्ण सेवाएं टीकाकरण व अन्य आदि शासन के निर्देशानुसार संचालित रहेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका नियमित रूप से निर्धारित समय अवधि मे आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर कार्य करेंगी। संबंधित सीडीपीओ एवं सेक्टर पर्यवेक्षक नियमित रूप से केन्द्रों का सतत निरीक्षण कर पोषण आहार वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए वितरण व अन्य कार्यों की समीक्षा करेंगे एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करेंगे। डॉ. पासी ने जिले के सभी विभागीय परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर समस्त आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करायी जाये। साथ ही हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं एवं गम्भीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाये। आंगनबाड़ी केन्द्रों का सर्वे कार्य समयावधि में पूर्ण कराया जाये। परियोजना अन्तर्गत संचालित समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों पर सेवा प्रदाय, पूरक पोषण आहार वितरण, लाभांवित हितग्राहियों की जानकारी जिला कार्यालय को प्रेषित की जाये। आंगनबाड़ी केन्द्रों का स्वयं एवं सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा सतत निरीक्षण किया जाये तथा कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु समय-समय पर जारी गाईडलाईन का पालन किया जाये। मास्क का उपयोग, नियमित हाथ धुलाई, सेनेटाईजेशन, सोशल डिस्टेसिंग आदि का पालन सुनिश्चित किया जाये। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश