mercury-landed-below-41-degrees-on-the-third-day-of-nautpa
mercury-landed-below-41-degrees-on-the-third-day-of-nautpa 
मध्य-प्रदेश

नौतपा के तीसरे दिन 41 डिग्री से नीचे उतरा पारा

Raftaar Desk - P2

ग्वालियर, 27 मई (हि.स.)। रोहिणी नक्षत्र यानी नौतपा के तीसरे दिन आंशिक बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई, लेकिन मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि चक्रवाती तूफान यास का प्रभाव समाप्त हो जाने से अब तापमान बढऩे के साथ-साथ गर्मी का प्रकोप भी बढ़ेगा। गुरुवार को सुबह से दोपहर तक मौसम शुष्क रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, जबकि हवाएं उत्तर पश्चिमी चलीं, जिनकी गति चार किलोमीटर प्रति घंटा थी। आंशिक बादल, हवा की रफ्तार में कमी और वातावरण में नमी बढऩे की वजह से अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही ठहर गया। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय के अनुसार चक्रवाती तूफान यास अब कमजोर होकर उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ गया है, इसलिए ग्वालियर-चम्बल में इसका कोई असर नजर नहीं आया। नौतपा के आगामी दिनों में अब तापमान बढऩे के साथ-साथ गर्मी का प्रकोप भी बढ़ेगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 44 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 12 प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी 27 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से आठ प्रतिशत कम है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजू