leopard39s-body-found-in-bandhavgarh-tiger-reserve
leopard39s-body-found-in-bandhavgarh-tiger-reserve 
मध्य-प्रदेश

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मिला तेंदुए का शव

Raftaar Desk - P2

उमरिया, 19 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में फिर एक तेंदुए की मौत हो गई। उद्यान के पतौर रेंज की उमरिया बकेली वीट के कक्ष क्रमांक 191बी में बीती रात एक नर तेंदुए का शव बरामद हुआ। रिजर्व प्रबंधन का कहना है कि तेंदुआ बाघ के हमले में मारा गया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक विसेंट रहीम ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की रात गश्त के दौरान तेंदुए का शव उमरिया बकेली के परिक्षेत्र सहायक द्वारा देखा गया और सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर प्रभारी उप संचालक एके शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थल निरीक्षण किया। शव के समीप ही एक किल और मादा बाघ के पंजे के निशान देखे गए। सूर्यास्त होने के कारण शव को रात्रि में सुरक्षित किया गया और घटनास्थल को रस्सियों का पेरा बनाकर सुरक्षित किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह टाइगर रिजर्व के निफर डॉग बेली से शव के आसपास खोज करवाई गई, परन्तु कोई मानव उपस्थिति के प्रमाण नहीं देखे गए। सुबह वन्यप्राणी शल्यज्ञ डॉ अभय सेंगर द्वारा शव परीक्षण क्षेत्र रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में किया गया और उसके विभिन्न अवयवों के सैंपल लिए गए। परीक्षण के उपरांत शव को समस्त अधिकारियों की उपस्थिति में समस्त अवयवों सहित जलाकर पूर्णत: नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए की आयु 2 से ढाई वर्ष अनुमानित है। उसके सभी नाखून व दांत सुरक्षित पाए गए। गले में बाघ के दांतों के निशान पाए गए और हमले के फलस्वरूप गर्दन की हड्डी, रीढ़ की हड्डी से टूटना पाया गया। प्राथमिक रूप से तेंदुए की मृत्यु बाघ के हमले के फलस्वरूप होना पाया गया। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश