kamal-nath39s-fear-of-bjp-organization-is-justified-kantdev-singh
kamal-nath39s-fear-of-bjp-organization-is-justified-kantdev-singh 
मध्य-प्रदेश

भाजपा संगठन से कमलनाथ का डरना जायज हैः कांतदेव सिंह

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित दल है। कमलनाथ ने विधानसभा उपचुनाव के पहले भी भाजपा संगठन से मुकाबला करने की बात कही थी और उसका परिणाम भी देख चुके हैं। अब एक बार फिर निकाय चुनाव आ रहे हैं। ऐसे में अगर कमलनाथ भाजपा संगठन को खतरा मान रहे हैं और उसकी ताकत से घबरा रहे हैं, तो यह जायज भी है, क्योंकि कमलनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत को देख चुके हैं। यह बात रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा भाजपा संगठन के बारे में दिये गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है और पूरा संगठन एक विचार को लेकर चलता है। कांग्रेस की तरह उसमें एक परिवार या व्यक्ति प्रमुख नहीं होता, बल्कि संगठन प्रमुख होता है और जो भी फैसले होते हैं, वो सर्वसम्मति से होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन प्रजातांत्रिक तरीके से चलता है, जबकि कांग्रेस में एक परिवार की, या कुछ व्यक्तियों का एकाधिकार पार्टी में लोकतंत्र को पनपने ही नहीं देता, उसका गला घोंट देता है। इसी के चलते आज यह स्थिति है कि कांग्रेस में सिर्फ नेता बचे हैं, परिवार बचे हैं पर संगठन नाम की चीज नहीं है। कांतदेव सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत को जानते हुए भी अगर कमलनाथ एक फिर उससे मुकाबले की बात कह रहे हैं, तो इसका मतलब यह है कि वे बची-खुची कांग्रेस को भी खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कमलनाथ की चुनौती से दो-दो हाथ करने के लिए हमेशा तैयार हैं और निकाय चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर देंगे। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे