i-love-chanderi-selfie-point-made-at-a-cost-of-millions-was-broken
i-love-chanderi-selfie-point-made-at-a-cost-of-millions-was-broken 
मध्य-प्रदेश

लाखों की लागत से बने आई लव चंदेरी सेल्फी पॉइंट को तोड़ा गया

Raftaar Desk - P2

अशोकनगर,16 फरवरी (हि.स.)। पर्यटन नगरी चन्देरी के परमेश्वर तालाब लक्ष्मण मन्दिर पर नगर पालिका द्वारा बनाया गया खूबसूरत सेल्फी पॉइंट बीती रात अज्ञात असमाजिक तत्वों ने तोड़ डाला। इसकी खबर मंगलवार सुबह लगी जब मंदिर में साफ सफाई करने वालों ने प्रबंधन को बताया। इस संबंध में चन्देरी पुलिस थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है। बताया गया है कि बीती रात कुछ युवक जन्मदिन पार्टी मनाने के लिए आए थे। यह कारनामा उन्ही के द्वारा कारित होना बताया जा रहा है। बदमाशों ने तालाब पर बने सेल्फी पॉइंट जिसमें अंग्रेजी में आई लव चन्देरी लिखा हुआ था, को पूरी तरह से तोड़ दिया। जिससे करीब डेढ़ महीने पहले 6 लाख रुपए की लागत से बनाया गया सेल्फी पॉइंट पूरी तरह से बर्बाद हो गया। बताया गया है कि महानगरों व पर्यटन स्थलों की तर्ज पर नपा द्वारा यह सेल्फी पॉइंट बनाया गया था, जिस के पास सेल्फी के लिए बढ़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते थे। इससे पहले भी सेल्फी पॉइंट में तोडफ़ोड़ की कोशिश की गई थी। वहीं इस संबंध में एसडीएम विजय यादव का कहना है कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, हम कोशिश कर रहे हैं कि दोषियों की शिनाख्त की जाए। यदि नपा में बजट होगा तो शहर भर के महत्वपूर्ण चौराहों व अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ देवेन्द्र ताम्रकार-hindusthansamachar.in