hoshangabad-congress-workers-detained-before-cm39s-convoy-passes
hoshangabad-congress-workers-detained-before-cm39s-convoy-passes 
मध्य-प्रदेश

होशंगाबाद: सीएम का काफिला गुजरने से पहले हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ता

Raftaar Desk - P2

भोपाल/होशंगाबाद, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की मूल्य वृद्धि के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस पूरे प्रदेश में हल्ला बोल प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में होशंगाबाद जिले में भी जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। बाबई में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का काफिला गुजरने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मध्यप्रदेश में पेट्रोल के दाम करीब 104 रुपये और डीजल के दाम 95 रुपये के करीब पहुंच गए हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ छह महीने बाद कांग्रेस एक बार फिर सड़क पर आ गई है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत सभी जगह अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हो रहे हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान परिवार के साथ शुक्रवार को पचमढ़ी से भोपाल लौट रहे थे। जिले के बाबई में मेन रोड पर कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता पेट्रोल और डीजल के दाम को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। सीएम के सामने प्रदर्शन की संभावना थी, इसलिए पुलिस ने सीएम के काफिला पहुंचने से पहले ही प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी युवा शक्ति संगठन उप प्रभारी शैलेंद्र जोशी, गुरुजी संभाग अध्यक्ष शैलू दुबे, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर राजपूत, जनाब रशीद खान और अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे