good-news-again-in-panna-tiger-reserve-tigress-seen-with-young-cubs
good-news-again-in-panna-tiger-reserve-tigress-seen-with-young-cubs 
मध्य-प्रदेश

पन्ना टाइगर रिजर्व में फिर आई खुशखबरी, नन्हे शावकों के साथ दिखी बाघिन

Raftaar Desk - P2

पन्ना, 09 अप्रैल (हि.स.)। पन्ना टाइगर रिजर्व में एक बार फिर खुशखबरी आई है। यहां एक बाघिन ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। बाघिन पी-151 अपने नन्हे शावकों के साथ का सैर करती हुई दिखाई दे रही है। यहां आने वाले टूरिस्ट और गाइड ने इनका वीडियो बनाया है, जिसमें बाघिन के साथ अठखेलियाँ करते दोनों नन्हें शावक नजर आ रहे हैं। बाघिन के साथ शावकों को देखकर हर कोई रोमांचित हो रहा है। पन्ना टाइगर रिजर्व में शुक्रवार सुबह बाघिन पी-151 अपने दो शावकों के साथ पहली बार नजर आई है। पार्क भ्रमण करने पहुंचे पर्यटकों ने बिल्कुल पास से इस बाघिन को शावकों के साथ चहल-कदमी करते हुए न सिर्फ देखा बल्कि उसका वीडियो भी बनाया है। बाघिन के साथ शावकों को देखकर यहां आने वाले पर्यटक रोमांचित है। पर्यटक गाइड मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि बाघिन पी-151 पहली बार अपने शावकों के साथ जंगल में दिखी है। नन्हे शावकों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी उम्र दो-ढाई माह के लगभग होगी। शुक्रवार की सुबह जब पर्यटकों को लेकर जिप्सी वाहन मंडला रेंज के कमानी गेट से पक्का गढ़ा की तरफ जा रहे थे, उसी समय रास्ते में यह बाघिन दो नन्हे शावकों के साथ नजर आई। पांच जिप्सियों में सवार पर्यटकों ने इस रोमांचकारी नजारे को उत्साहपूर्वक देखा। बता दे कि पिछले चार माह में पन्ना टाइगर रिजर्व में 15 शावक जन्म ले चुके हैं। इससे पहले विगत 26 मार्च को बाघिन टी-6 अपने चार नन्हे शावकों के साथ दिखी थी। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय