distribution-of-food-grains-among-54-of-the-beneficiaries-64-thousand-poor-families-have-increased-problems
distribution-of-food-grains-among-54-of-the-beneficiaries-64-thousand-poor-families-have-increased-problems 
मध्य-प्रदेश

54 फीसदी हितग्राहियों के बीच खाद्यान्न का वितरण, 64 हजार गरीब परिवारों की बढ़ी मुश्किलें

Raftaar Desk - P2

अनूपपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। जिले में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों के लिए फरवरी माह किसी आफत से कम साबित नहीं हो रहा है। माह के शुरुआत में मप्र सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने हितग्राहियों को अनाज के लिए तरसाया, वहीं हड़ताल समाप्ति के बाद तकनीकि रूप में सर्वर की धीमी गति और गड़बड़ी ने अनाज से वंचित कर दिया, जिसके कारण गरीब परिवारों के हिस्से शासकीय योजना के तहत मिलने वाला राशन पिछले तीन दिनों से नहीं मिल पाया है। हितग्राही राशन की दुकानों पर रोजाना चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सेल्समैन हितग्राहियों को अनाज का वितरण नहीं कर रहे हैं। बताया जाता है कि यह स्थिति पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से बनी हुई है। पहले सर्वर की गति धीमी होने के कारण परिवारों को अपनी अनाज की बारी के लिए दिनभर इंतजार करना पड़ा। अधिकांश परिवारों को दूसरे दिन भी मौका नहीं मिल पाया। वहीं अब सर्वर में आई गड़बड़ी के कारण हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सेल्समैन का कहना है कि सर्वर की गति धीमी होने के कारण हितग्राहियों की जानकारी अपडेट नहीं हो पाती है। वहीं अब सर्वर पिछले तीन दिनों से गड़बड़ है। इसके कारण भी दुकानों से राशन का वितरण नहीं किया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में 1 लाख 40 हजार 622 हितग्राहियों में मात्र 76012 कार्डधारियों को ही अनाज मिल सका। शेष 64610 हितग्राही अनाज से वंचित हैं। विभाग द्वारा फरवरी माह के लिए जिले के 312 दुकानों के लिए 3053 मीट्रिक टन या 30530 क्विंटल खाद्यान्न का वितरण किया था। इसमें चावल 1042 मीट्रिक टन, गेहूं 1857 मीट्रिक टन, नमक 139 मीट्रिक टन, शक्कर 15 मीट्रिक टन हैं। हड़ताल के दौरान जिले की 25 महिला स्वसहायता समूह और 14 उपभोक्ता भंडार द्वारा राशन वितरण कर कुछ हितग्राहियो को अनाज उपलब्ध कराया। लेकिन अब सर्वर ने पूरी व्यवस्था ही प्रभावित कर दिया है। अबतक मात्र 54 फीसदी खाद्यान्न का वितरण विभागीय जानकारी के अनुसार जिले के 1 लाख 40 हजार 622 हितग्राहियों में लगभग 54 फीसदी हितग्राही को ही अनाज उपलब्ध हो सका है। शेष 46 फीसदी हितग्राही अनाज के लिए आस लगाए बैठे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तीन दिनों से सर्वर गड़बड़ी के कारण अब ऑफ लाइन खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए हैं। जिसमें फिलहाल सेल्समैन को निर्देशित किया गया है कि वे वितरण रजिस्टर में हितग्राहियों के नाम और खाद्यान्न मात्रा की जानकारी भरते हुए उन्हें अनाज उपलब्ध कराए। और बाद में उसे मशीन के माध्यम से पर्ची निकाली जाए। फिलहाल नामों की सूची जारी होने में शाम का समय बीत जाएगा, अब आगामी दिन ही अनाज मिल सकेंगे। कहां कितने हितग्राही और अनाज का वितरण विकासंखड हितग्राही राशन मिला प्रतिशत अनूपपुर 23343 11452 49.05 जैतहरी 41486 22397 53.98 कोतमा 13337 7972 59.77 पुष्पराजगढ़ 51543 26333 51.08 नगरपालिका क्षेत्र अनूपपुर 1899 1764 92.89 जैतहरी 1135 569 50.13 बिजुरी 2307 1882 81.57 अमरकंटक 916 513 56.00 पसान 1929 1382 71.64 कोतमा 2727 1748 64.09 जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी एके श्रीवास्तव ने बताया कि सर्वर की गड़बड़ी के कारण हितग्राहियों को अनाज नहीं मिल पा रहा है। शासन ने ऑफ लाइन से खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला