digvijay-singh-doing-gimmick-in-the-name-of-kisan-sammelan-vd-sharma
digvijay-singh-doing-gimmick-in-the-name-of-kisan-sammelan-vd-sharma 
मध्य-प्रदेश

किसान सम्मेलन के नाम पर नौटंकी कर रहे दिग्विजय सिंह : वीडी शर्मा

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह की जनता के बीच विश्वसनीयता नहीं है। वह खुद कहते हैं कि वह प्रचार पर जाएंगे तो कांग्रेस के वोट कटेंगे। वहीं दिग्विजय सिंह आज प्रदेश में घूम-घूम कर गैर राजनीतिक किसान सम्मेलन के नाम पर नौटंकी कर रहे हैं। जनता उन्हें बेहतर समझती है और इसलिए मध्यप्रदेश का किसान उनके बहकावे में नहीं आने वाला। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को रतलाम संगठनात्मक प्रवास के दौरान पत्रकार-वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कृषि कानून को लेकर किसान संगठनों से लगातार चर्चा कर रही है। लेकिन विपक्षी दल खासकर कांग्रेस किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव में जीत का इतिहास बनायेगी भाजपा शर्मा ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व के आधार पर टीम भावना से काम करती है। हमारा दल व्यक्तिनिष्ठ नहीं है, भाजपा एक विचार है। भाजपा की कार्यपद्धति है, उस कार्यपद्धति के साथ कौन सा कार्यकर्ता किस काम के लिए उपयुक्त है यह सामुहिकता के साथ निर्णय होगा और जो कार्यकर्ता निकलकर आएंगे वही चुनाव लड़ेंगे। नगरीय निकाय चुनाव में जीत ही मापदंड है, जो कार्यकर्ता चुनाव जीतेंगे, वहीं चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि ताकत के साथ आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा जीत का इतिहास बनायेगी। संगठनतंत्र की मजबूती के आधार पर और सरकार के जनकल्याणकारी कामों के आधार पर भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी। रतलाम को आगे ले जाने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। तबसे लगातार मध्यप्रदेश और खासकर रतलाम के विकास को अमलीजामा पहनाने का काम किया गया। हमारे जनप्रतिनिधि सामाजिक भूमिका के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बजट में मध्यप्रदेश सरकार ने रतलाम को कई सौंगाते दी हैं। आने वाले समय में रतलाम में एयरपोर्ट बने, इसका प्रावधान किया गया। सड़क और ओवरब्रीज के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। आंतरिक सड़कों के लिए साढ़े 8 करोड़ का प्रावधान है। शहर के अन्य कार्यों एवं मार्गों के लिए 7 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। शहरी पेयजल योजना के तहत 23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। शर्मा ने मीडिया के माध्यम से शहर की जनता को बधाई देते हुए कहा कि आज रतलाम के जनप्रतिनिधियों के प्रयास से मेडिकल कॉलेज आरंभ हो गया है। नीमच और मंदसौर के अंदर भी मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हो गया है। बड़ी खुशी की बात है कि इस क्षेत्र के तीनों जिलों में मेडिकल कॉलेज होंगे। यह सब भारतीय जनता पार्टी की सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत वन डिस्ट्रीक्ट, वन प्रॉडक्ट दिया है। रतलाम में पहले ही नमकीन का क्लस्टर शुरू हो गया है। क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री जी लगातार प्रयास कर रहे हैं। भाजपा सरकारों ने गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम किया प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा कार्यकर्ता बूथ पर मजबूती के साथ काम करता है, जिसके कारण हम हर चुनाव जीतते हैं। यही कारण है कि आज एक सामान्य कार्यकर्ता पंच-सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री पद पर है। उन्होंने कहा कि देश के लिए हम क्या कर सकते हैं, हमारे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि लगातार काम करते हैं। गरीब कल्याण का हमने सिर्फ नारा नहीं दिया, बल्कि गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम धरातल पर हमारी सरकारें कर रही हैं। भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं में विश्व में इतिहास रचने का काम किया है। उज्जवला योजना जैसी अनेक योजनाएं हैं जिनके द्वारा रतलाम सहित हम पूरे देश में आगे कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और पूरा नेतृत्व एक संकल्प के साथ काम कर रही है। उनके कार्यों को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर प्रत्येक कार्यकर्ता से प्रतिदिन पौधा लगाने का जो संकल्प व्यक्त किया है वह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश