congress-mla-warns-of-self-immolation
congress-mla-warns-of-self-immolation 
मध्य-प्रदेश

कांग्रेस विधायक ने आत्मदाह की दी चेतावनी

Raftaar Desk - P2

इंदौर, 16 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना के चलते शहर के बिगड़ते हालातों को बयां करते हुए शुक्रवार को कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला भावुक हो गए और मीडिया के सामने ही उनके आंसू निकल गए। उन्होंने कहा कि उनका बेटा भर्ती है। उसे अभी तक इंजेक्शन तक नहीं मिला है। साथ ही चेतावनी दी कि सरकार और प्रशासन ने दो दिनों में ऑक्सीजन और इंजेक्शन की व्यवस्था नहीं की तो वह आत्मदाह करेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता की और भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक संजय शुक्ला ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और सरकार का साथ नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के नेता घर बैठ कर सलाह देते हैं, जबकि राजनीति से ऊपर उठकर कांग्रेस नेता जनता के बीच जा रहे हैं लेकिन हमारी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने सीएम शिवराज से अपील की है कि इस महामारी में सेना की मदद लें। सेना के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से चर्चा की जाए। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि शहर में इन दिनों हालात बहुत ही ज्यादा खराब होते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों को न तो अस्पताल में बिस्तर मिल रहे हैं और न ही ऑक्सीजन है और न ही इंजेक्शन। उन्होंने कहा कि शहर में लाशों के ढेर लग रहे हैं लेकिन शहर के मंत्री और भाजपा विधायक नदारद हैं। उनका आरोप था कि कलेक्टर एडीएम फोन नहीं उठाते। उन्होंने आग्रह किया कि भाजपा राजनीति से ऊपर उठकर शहर में बीमारों की मदद के लिए आगे आए। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय