मध्य प्रदेश में कांग्रेस में दम नहीं की वो भाजपा को हरा सके
मध्य प्रदेश में कांग्रेस में दम नहीं की वो भाजपा को हरा सके 
मध्य-प्रदेश

मध्य प्रदेश में कांग्रेस में दम नहीं की वो भाजपा को हरा सके : विजयवर्गीय

इंदौर, एजेंसी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस में दम नहीं कि वह भाजपा को हरा सके। भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही हरा सकती है। यह बात सही है कि हममें कुछ कमियां हैं, हम उनको ठीक कर रहे हैं। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि आज की तारीख में मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ही जीतेगी।


विजयवर्गीय के इस बयान से सियासत गरमा गई

दरअसल, विजयवर्गीय एक टीवी चैनल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। शुक्रवार को उनका यह बयान सामने आया है। भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं में असंतोष और पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच विजयवर्गीय के इस बयान से सियासत गरमा गई है। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में मध्य प्रदेश में भाजपा को कांग्रेस नहीं हरा सकती। कांग्रेस में दम नहीं कि वह भाजपा को हरा सके। हां, यदि हमने संगठन की गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में वे मालवा-निमाड़ को देखेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में मालवा और निमाड़ में अधिकांश सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।

संस्कृति विकृति में बदल रही

विजयवर्गीय ने इस दौरान नाइट कल्चर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नाइट कल्चर के नाम पर जो नशा हो रहा है और संस्कृति विकृति में बदल रही है, उसका हमने विरोध किया है और करते रहेंगे। हम भी पहले खानपान के लिए जाते थे। राजबाड़ा स्थित अन्ना की पान की दुकान पर दरवाजा ही नहीं था। हम वहां जाकर पान-गुटखा खाते थे। जब पीएससी की तैयारी कर रहे थे तो स्टेशन पर पोहे खाने जाते थे। रात दो बजे सराफा बंद हो जाता था तो सीधे स्टेशन चले जाते थे। इंदौर के हर नागरिक ने इन जगहों का आनंद लिया है। अब नाइट कल्चर के नाम पर जो भी हो रहा है, वह गलत है और उसे रोकना ही होगा।