chital39s-another-hunter-caught
chital39s-another-hunter-caught 
मध्य-प्रदेश

चीतल का एक और शिकारी पकड़ा

Raftaar Desk - P2

ग्वालियर, 27 फरवरी (हि.स.)। वन विभाग ने ग्वालियर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बड़ागांव के जंगल में चीतल का शिकार करने वाले एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में वन विभाग को अभी चार और लोगों की तलाश है। जानकारी के अनुसार बीते 23 फरवरी को अज्ञात लोगों ने बड़ागांव के जंगल में एक चीतल को अपना शिकार बना लिया था। आरोपित मृत चीतल को कई टुकड़ों में काटकर उसका मांस निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर मौके पर पहुंचे वन कर्मचारियों को देखकर आरोपित भाग गए थे। मौके से मृत चीतल के सभी अवशेष जब्त कर अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच-पड़ताल में आरोपितों की पहचान होते ही बीते शुक्रवार को वन कर्मचारियों ने मऊछ गांव दबिश दी, जहां से आरोपित गब्बर सिंह पुत्र अलवेल सिंह नाथ निवासी मऊछ को उसके घर से दबोच लिया था। इसके बाद शनिवार को मऊछ गांव में स्थित एक खेत से एक और आरोपित इरशाद पुत्र मुनीर खान निवासी पनिहार को भी पकड़ लिया गया। इरशाद मऊछ गांव में बटाई पर खेती करता है। दोनों आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/शरद