bjp-leaders-including-cm-shivraj-salute-sant-shiromani-ravidas-jayanti
bjp-leaders-including-cm-shivraj-salute-sant-shiromani-ravidas-jayanti 
मध्य-प्रदेश

संत शिरोमणि रविदास जयंती पर सीएम शिवराज समेत भाजपा नेताओं ने किया नमन

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जयंती आज शनिवार का मनाई जा रही है। हिंदू पंचांग के अनुसार, माघ पूर्णिमा के दिन ही रविदास जयंती मनाई जाती है। संत रविदास की गिनती महान संतों में होती है। रविदास भारत में 15वीं शताब्दी के एक महान संत, दर्शनशास्त्री, कवि, समाज-सुधारक और ईश्वर के अनुयायी थे। रविदास जयंती पर मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत भाजपा नेताओं ने उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा ‘मन ही पूजा मन ही धूप, मन ही सेऊं सहज स्वरूप-रविदास। मन चंगा तो कठौती में गंगा कहने वाले संत शिरोमणि रविदास जी ने ज्ञान, कर्म, समानता, भाईचारे के पवित्र भाव के साथ जीवन जीने की शिक्षा दी। गरीबों, असमर्थों, पिछड़ों की सेवा ही उनके चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जयंती पर नमन! भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संत रविदास को जयंती पर प्रणाम करते हुए कहा ‘अपने महान विचारों से संपूर्ण जगत में समरसता और मानव एकता का संदेश देने वाले महान समाज सुधारक, परम ज्ञानी पूज्य संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती पर उन्हें अनंत कोटि प्रणाम। उनके अनमोल वचन समाज में सद्भाव और आपसी प्रेम बढ़ाने हेतु हमें सदैव प्रेरित करते हैं। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संदेश में कहा ‘जाति-जाति में जाति हैं, जो केतन के पात। रैदास मनुष ना जुड़ सके जब तक जाति न जात।। संत कुलभूषण कवि रविदास जी उन महान सन्तों में अग्रणी थे जिन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यमसे समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान किया। जयंती पर कोटि-कोटि नमन। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रविदास जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा ‘अपने आध्यात्मिक व सामाजिक संदेशों से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने वाले सामाजिक एकता और समरसता के प्रतीक महान समाज सुधारक संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती पर कोटि-कोटि नमन...! हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय