राज्य सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं : अन्नपूर्णा
राज्य सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं : अन्नपूर्णा 
झारखंड

राज्य सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं : अन्नपूर्णा

Raftaar Desk - P2

कोडरमा, 16 दिसम्बर (हि. स.)। जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को भाजपा की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। जयनगर प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त रूप से जयनगर प्रखंड अध्यक्ष रामदेव मोदी, परसाबाद मंडल अध्यक्ष शशिभूषण चौधरी व संचालन मंडल महामंत्री महेश रजक ने किया। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसान औने पौने दामों में धान बेचने को मजबूर हैं। राज्य सरकार को पैक्स के माध्यम से धान की खरीदारी करनी चाहिए। सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था दुरुस्त हो तथा बालू घाट की नीलामी अथवा बैकल्पिक व्यवस्था ना होने तक स्थानीय निर्माण में छूट हो। सांसद ने कहा कि झारखंड सरकार निकम्मी और बेलगाम सरकार बन चुकी है। उन्होंने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनहित के कार्यों में रुचि नहीं रख रही है। वर्तमान सरकार लूट तंत्र का पर्याय बनते जा रही है। राज्य सरकार के पास राज्य के विकास के लिए कोई एजेंडा नहीं है। भारत सरकार की योजनाएं उज्जवला योजना, पीएम किसान निधि योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत विकास के कार्य किए गए। लेकिन वर्तमान सरकार इन विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम नहीं कर रही है। भाजपा का मूल मंत्र मानवता की सेवा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की रघुवर दास की सरकार ने विकास करने का कान किया। लेकिन वर्तमान सरकार ने इसपर ताला लगाने का काम किया है। धरना के बाद सीओ को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। हिंदुस्थान समाचार/ संजीव-hindusthansamachar.in