प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने निकाला कैंडल जुलूस
प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने निकाला कैंडल जुलूस 
झारखंड

प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने निकाला कैंडल जुलूस

Raftaar Desk - P2

रांची, 05 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस घटना में मृतक मनीषा के लिए सोमवार को कैंडल जुलूस निकाला गया। शांति प्रार्थना की गई एवं देश को कलंकित करने वाली हाथरस की जघन्य घटना के विरोध में तथा योगी आदित्यनाथ को बर्खास्त करने की मांग को लेकर झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने हरमू चौक पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस खेल विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व कैंडल जुलूस निकाला गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, ओबीसी के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष साहू आदि शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने हरमू मैदान से कैंडल जुलूस निकाला और हाथों में लिखी हुई तख्तियां लेकर योगी आदित्य नाथ को बर्खास्त करो,बहन मनीषा हम शर्मिंदा हैं, भाजपा सरकार मुर्दाबाद नारे लगाए एवं जुलूस की शक्ल में हरमू चौक पहुंचे, जहाँ सर्वप्रथम हाथरस की पीड़िता मनीषा के चित्र पर कैंडल जलाकर सम्मान प्रकट किया एवं शांति प्रार्थना की। अमरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा जिस तरह से उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या मामले में मुंह बंद करने की कोशिश की गई यह लोकतंत्र के लिए अच्छी बात नहीं है। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में मानवता की सारी हदें पार कर दी। परिजनों के मांग को नजरअंदाज किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह से असफल साबित हुए। ऐसे अकर्मण्य मुख्यमंत्री को अविलम्ब बर्खास्त किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में सोनू बनर्जी, सत्यम राय, रिशु सिंह ,शाकिर खान, साजिद खान, दिवाकर मिश्रा ,वीरू भंडार, विपुल सिंह आदि शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण/विनय-hindusthansamachar.in