आखिरकार वार्ता में बनी सहमति, धरना हुआ समाप्त
आखिरकार वार्ता में बनी सहमति, धरना हुआ समाप्त  
झारखंड

आखिरकार वार्ता में बनी सहमति, धरना हुआ समाप्त

Raftaar Desk - P2

कोडरमा, 6 दिसम्बर (हि. स.)। जिले के बांझेडीह स्थित थर्मल पावर स्टेशन में शुक्रवार को हुई भगवान गोप की मौत के बाद 36 घण्टे से जारी धरना व हड़ताल शनिवार रात समाप्त हो गयी। कई दौर की वार्ता के बाद 9 लाख मुआवजा और मृतक भगवान गोप के एक पुत्र को रोजगार देने पर सहमति बनी। लिखित रूप से राइट्स कंपनी का सहमति पत्र आंदोलन कारियों को मिलते ही धरना समाप्त की घोषणा कर दी गयी। सहमति पत्र पर राइट्स कंपनी के प्रतिनिधि के अलावे विधायक अमित यादव, जिप सदस्य महादेव राम, जेएमएम नेता श्यामदेव यादव, युवा नेता उमेश यादव, रामदेव मोदी, सुरेंद्र यादव, अरुण यादव ने हस्ताक्षर किये। ज्ञात हो शुक्रवार की सुबह प्लांट में कार्यरत भगवान गोप की मौत हो गयी थी। मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर धरना जारी था। वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिज़ पर शुक्रवार की रात धरना के दौरान जबरन शव कब्जा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज देने का आरोप लगाया था। शनिवार को दिनभर प्लांट के गेट नंबर एक के सामने धरना, हड़ताल चलता रहा। दोपहर में आंदोलनकारियों के दबाव में धरनास्थल पर ही शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए मृतक के पैतृक गांव ले गए। इधर धरना जारी था और 31 सदस्यीय कमिटी मुख्य अभियंता से वार्ता करने गयी। देर शाम तक वार्ता चली, लेकिन सहमति नही बनी। आखिरकार रात 9 बजे के बाद मुआवजा की राशि और एक नौकरी पर सहमति बनी। धरना में विधायक अमित कुमार यादव, पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव, जिप उपाध्यक्ष निर्मला देवी, जिप सदस्य सह सीपीआई नेता महादेव राम, अरुण यादव समेत अन्य मजदूर नेता मौजूद थे। केटीपीएस मजदूर यूनियन नेता विजय पासवान ने बताया कि राइट्स कंपनी ने आंदोलनकारियों की मांगें मान ली है, जिसके बाद आंदोलन को समाप्त कर दिया गया। हिंदुस्थान समाचार/ संजीव/ वंदना-hindusthansamachar.in