workers-are-rooting-for-top-leadership-of-bjp-arjun-munda
workers-are-rooting-for-top-leadership-of-bjp-arjun-munda 
झारखंड

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की जड़े हैं कार्यकर्ता : अर्जुन मुंडा

Raftaar Desk - P2

-तोरपा विधायक के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक खूंटी, 26 फरवरी (हि.स.)। जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की जड़ें इसके कार्यकर्ता हैं। जिस पार्टी की जमीनी स्तर पर जड़ें जितनी मजबूत होंगी, संगठन उतना ही मजबूत होगा। केंद्रीय मंत्री मुंडा शुक्रवार को तोरपा के विधायक कोचे मुंडा के ममरला स्थित आवासीय परिसर में भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आयी है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन और जनता के बीच का सेतु है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही भाजपा विश्व की सबसे अधिक सदस्यों वाली राजनीतिक पार्टी बन गयी है। इसका पार्टी के हर कार्यकर्ता को गर्व है। मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता की तीन बुनियादी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया है। हर घर को शुद्ध पानी, हर परिवार को पक्का आवास और हर गांव को बिजली। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गांवों में जाएं और जनता की समस्याओं के निराकरण में सहयोग करें। साथ ही कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत और लोकप्रिय बनायें। किसी को खुश करने के लिए पार्टी में पद नहीं मिलना चाहिए: कड़िया मुंडा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने कहा कि पार्टी संगठन में यदि कोई पद किसी को दिया जाता है, तो इसे पूरा करना भी होगा। किसी को खुश करने के लिए पार्टी में पद नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले कार्यकर्ता कम थे। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा के थे। अब तो इतने मंच और मोर्चा बन गये हैं कि पदाधिकारियों की भरमार हो गयी है। पार्टी में कार्यकर्ता बढ़े हैं लेकिन काम उस अनुपात से नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बैठकें लगातार होनी चाहिए ताकि पार्टी के अधिकारी, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता सब मिलकर चर्चा करें। गांवों के विकास कार्यों की निगरानी करें कार्यकर्ता: कोचे मुंडा पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांवों के विकास कार्यों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2024 तक हर घर को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही सभी को पक्का आवास और गांवों में बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करने का भी संकल्प लिया है। कार्यकर्ता इन योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने में सहयोग करें। बैठक में जिलाध्यक्ष चंद्रशेख्र गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष जोनिका गुड़िया, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, प्रिसं आजमानी, पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद सोनी, विनोद भगत, कृष्णा भगत, संतोष जायसवाल, जय मंगल गुड़िया, कृपा सिंधु बेहरा, विष्णु सोनी, शशांक राय, राजीव कुमार महतो, मानू मुंडा, दीपक तिग्गा, नीरज पाढ़ी, सुबोध जायसवाल, नीरज जायसवाल, घुरन महतो सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष पुरेंद्र मांझी और धन्यवाद ज्ञापन भोला गुप्ता ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/चंद्र