up-ats-team-nabbed-accused-from-deoghar
up-ats-team-nabbed-accused-from-deoghar 
झारखंड

यूपी एटीएस की टीम ने देवघर से आरोपित को दबोचा

Raftaar Desk - P2

देवघर, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ के एटीएस थाना की पुलिस शनिवार को एक फर्जी आर्म्स लाइसेंस बनाकर आर्म्स बेचने के आरोपित की तलाश में देवघर पहुंची। एटीएस की टीम ने देवघर के नगर थाना की पुलिस के मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का नाम राज किशोर है। वह मूलतः बिहार के खगड़िया का रहने वाला है और देवघर में छिपकर चार वर्षों से रह रहा था। यहां पर रहकर वह जमीन का कारोबार कर रहा था। उसे गिरफ्तार कर नगर थाना लाया। कोविड जांच कराकर एटीएस अपने साथ ट्रांजिट रिमांड पर ले गई। यूपी पुलिस ने बताया कि इस पर फर्जी लाइसेंस रखकर आर्म्स सप्लाई करने के आरोप सहित धोखाधड़ी व साक्ष्य छिपाने के आरोप में प्राथिमिकी संख्या 10/2017 व 7/20 दर्ज हैं। यह चार वर्षों से फरार चल रहा था और देवघर के बिलासी टाउन में छिपकर रह रहा था। इससे पूर्व लखनऊ की पुलिस देवघर पहुंची और बिना नगर थाना की पुलिस को सूचित किये आरोपित के घर जा पहुंची। एटीएस ने आरोपित को पकड़ने के बजाय एक स्थानीय पुरोहित को पकड़ लिया। चूंकि वे लोग सिविल ड्रेस में आये थे और उनके पास चारपहिया वाहन भी उड़ीसा के नम्बर का था, जिसके कारण तुरंत ही शहर में अपहरण की अफवाह फैल गई। इस पर देवघर पुलिस पूरी तरह चौकस हो गई। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए पूरे शहर की सीमाएं सील करा दी। वे खुद आरोपित की तलाश में बिलासी पहुंचे। यूपी पुलिस से आईडी कार्ड लेकर आरोपित की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। हिन्दुस्थान समाचार/ चन्द्र विजय/चंद्र