the-metropolitan-congress-honored-the-corona-warriors
the-metropolitan-congress-honored-the-corona-warriors 
झारखंड

महानगर कांग्रेस ने कोरोना योद्धाओं को किया सम्मानित

Raftaar Desk - P2

रांची, 21 मार्च (हि.स.)। महानगर कांग्रेस अपर बाजार प्रखंड ने रविवार को कोरोना संक्रमण काल के दौरान आम जनता को राहत पहुंचाने एवं संकट से लड़ने में सहायता करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। हरमू रोड स्थित दिगंबर जैन भवन में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अजय जैन ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दीपिका पांडेय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अजय नाथ शाहदेव, रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संजय पांडेय उपस्थित थे। इस अवसर पर दीपिका पांडेय ने कहा कि जिस तरह से कोरोना का संक्रमण पिछले वर्ष वैश्विक स्तर पर फैला था उससे निपटने में समाज के विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं ने सरकार और जनता का सहयोग किया था। वह मिसाल के तौर पर हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसो लोगों को सम्मानित करने से आम लोगों में मानवीय संवेदनाओं के प्रति कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान सामाजिक एकता की एक अद्भुत मिसाल रांची सहित संपूर्ण झारखंड में देखने को मिली। संजय पांडेय ने कहा कि संक्रमण काल के तीन महीने के लॉकडाउन के दौरान हमें कार्य करने की प्रेरणा समाज के प्रबुद्ध वर्गों के प्रतिनिधियों के सहयोग से मिला। आज हम उन सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को सम्मानित कर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर सम्मानित होने वाले प्रतिनिधियों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज तक हम लोगों के द्वारा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाता रहा है। कांग्रेस द्वारा सामाजिक सेवा का कार्य करने के लिए हमें जिस तरह का सम्मान दिया गया है उससे आगे भी हमें समाज के लिए हमेशा प्रेरणा मिलती रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ कृष्ण/चंद्र