the-deputy-commissioner-gave-instructions-to-provide-government-help-to-the-archer
the-deputy-commissioner-gave-instructions-to-provide-government-help-to-the-archer 
झारखंड

उपायुक्त ने तीरंदाज को सरकारी मदद मुहैया कराने के दिए निर्देश

Raftaar Desk - P2

धनबाद, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने शुक्रवार को संबंधित पदाधिकारियों को राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी ममता टुडू को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ट्विटर के माध्यम से ममता के संबंध में जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने शुक्रवार को उसे अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया और उसकी समस्याओं के साथ आवश्यकता को जाना। ममता टुडू ने बताया कि वह रांची सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रहकर तीरंदाजी की ट्रेनिंग करती थी। कोरोना काल में प्रशिक्षण संस्थान बंद होने और सरकारी सहायता प्राप्त नहीं मिलने पर परिवार को आर्थिक परेशानी से उबारने के लिए उसने एक छोटी सी दुकान बना ली और झालमुड़ी बेचने का काम करने लगी। उपायुक्त ने ममता से कहा कि खेल के साथ अन्य हुनर भी आवश्यक है जैसे कि तकनीकी शिक्षा, कंप्यूटर आदि। उन्होंने कंप्यूटर प्रशिक्षण,आधुनिक खेती एवं अन्य कौशल विकास के संकायों में हरसंभव सहायता करने की बात कही। उपायुक्त ने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण के उपरांत उसके नियोजन के लिए कार्रवाई की जाएगी। तीरंदाजी प्रशिक्षण के संबंध में उन्होंने ममता से कहा कि जैसे ही प्रशिक्षण संस्थान खुलेगा वैसे ही उसे सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उपायुक्त ने ममता को तीरंदाजी से संबंधित उपकरण मुहैया कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिया। हिन्दुस्थान समाचार /बिमल/चंद्र