state-level-rajiv-gandhi-mega-health-program-started
state-level-rajiv-gandhi-mega-health-program-started 
झारखंड

राज्यस्तरीय राजीव गांधी मेगा हेल्थ कार्यक्रम की हुई शुरुआत

Raftaar Desk - P2

रांची, 21 फरवरी (हि. स.)। झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस की ओर से रविवार को चिरौंदी बस्ती में राजीव गांधी मेगा हेल्थ कार्यक्रम के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय कोर्डिनेटर व प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल आदि ने राजीव गांधी मेगा हेल्थ कार्यक्रम के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। राजीव गांधी मेगा हेल्थ चेकअप कार्यक्रम के दौरान 16 डॉक्टरों की टीम ने करीब 700 लोगो के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध कराई। इस दौरान लोगो की विभिन्न बीमारियों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर के दौरान लोगों के आंख, कान, नाक, गला, हड्डी और त्वचा सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। इस तरह के मेगा चेकअप कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रांची के सभी 52 वार्डो और राज्य के 14 लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय मेगा हेल्थ चेक अप कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए रामेश्वर उरांव ने कहा कि यह एक सराहनीय प्रयास है। जन्म लेना, बड़ा होना और मृत्यु एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। महात्मा बुद्ध ने भी कहा था कि व्यक्ति बीमार ना हो इसके लिए प्रकृति के अनुरूप चलने की आदत डाली जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से आमजन पार्टी संगठन से जुड़ेंगे और कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। आलमगीर आलम ने कहा कि मानवता के दृष्टिकोण से यह एक सराहनीय प्रयास है और इस तरह के अभियान को राज्य हित में जारी रखने की जरूरत है। निशुल्क सुविधा मिलने से राज्य के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाली गरीब जनता को काफी मदद मिलेगी। बादल पत्रलेख ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को सेवा उपलब्ध कराना एक पुण्य का काम है और किस काम में उनसे जो भी सहयोग बन पड़ेगा। वह सहयोग देने के लिए तैयार है। जरिता लैतफलांग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का गठन ही प्रोफेशनल लोगों के साथ हुआ था लेकिन समय बीतने के साथ प्रोफेशनल समाज दूर होते चले गये। लेकिन वर्तमान समय में इसकी महत्ता को देखते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता शशि थरुर के नेतृत्व में प्रोफेशनल कांग्रेस का गठन किया और पिछले चार वर्षों में संगठन प्रोफेशनल समाज को जोड़ने में सफलता प्राप्त किया है। आज इसी कड़ी में मेगा हेल्थ कैंप लगाकर गरीबों की सेवा का काम कर रही है। आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि आज रांची में मेगा स्वास्थ्य कैंप की शुरुआत की गई है। जल्द ही इस तरह का कार्यक्रम रांची के सभी वार्डों में आयोजित किया जाएगा और सभी लोकसभा क्षेत्रों में भी प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी की ओर से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। डॉक्टरों की टीम में डॉ सुबोध कुमार सिंह, जिनवाणी हॉस्पिटल, डॉ रोहित श्रीवास्तव आदि ने योगदान दिया। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण