kidnapped-businessman-son-recovered-from-sagar-mugma-kidnapper-arrested
kidnapped-businessman-son-recovered-from-sagar-mugma-kidnapper-arrested 
झारखंड

अपहृत व्यवसायी पुत्र सागर मुगमा से बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार

Raftaar Desk - P2

13/05/2021 धनबाद, 13 मई (हि. स.)। जामताड़ा के सिकरपोशनी से दस मई को अपहृत व्यवसायी पुत्र सागर मंडल को जामताड़ा पुलिस ने गुरुवार को निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा पेट्रोल पंप के समीप एक बंद पड़े होटल से सकुशल बरामद किया है। जानकारी के अनुसार अपहरणकांड में शामिल सात अपहरणकर्ताओं को भी पुलिस ने धर दबोचा है। इसमें तीन अपहरणकर्ता निरसा थाना अंतर्गत मुगमा की इंदिरा नगर कॉलोनी, दो को मुगमा के मंडमन कॉलोनी, एक को धनबाद और एक को जामताड़ा से दबोचा है। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाए गए सागर मंडल और गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं को अपने साथ जामताड़ा ले गई है। सागर के पिता गांव में ही किराना दुकान चलाते है। बताया जाता है कि दस मई को सागर मंडल को जामताड़ा के सिकरपोशनी से अपहरण किया गया था। सागर मंडल के स्वजनों ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। सूत्रों की माने तो अपहरणकर्ताओं द्वारा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, जो चार लाख रुपये में तय हुआ था। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा एरिया पहुंची। अपहरणकर्ता पेट्रोल पंप के समीप एक बंद पड़े होटल में सागर मंडल को बांध कर रखे हुए थे। पुलिस ने वहीं शराब पी रहे अपहरण कर्ता मनीष यादव और विशाल शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में धनबाद के उत्तम रजक को भी जामताड़ा पुलिस पकड़कर अपने साथ ले गई। वहीं जामताड़ा पुलिस ने स्थानीय पुलिस को इस छापेमारी का भनक भी नहीं लगने दिया। हिन्दुस्थान समाचार/ राहुल