janata-mazdoor-sangh-expressed-anger-over-sanjeev-singh-shifting-to-dumka-jail
janata-mazdoor-sangh-expressed-anger-over-sanjeev-singh-shifting-to-dumka-jail 
झारखंड

संजीव सिंह को दुमका जेल शिफ्ट करने पर जनता मजदूर संघ ने जताया रोष

Raftaar Desk - P2

धनबाद, 23 फरवरी (हि.स.)। जनता मजदूर संघ (कुंती गुट) के संयुक्त महामंत्री संजीव सिंह को अचानक दुमका जेल शिफ्ट करने पर संघ के नेताओं ने आक्रोश जताया। बाबू डंगाल स्थित पार्टी कार्यालय पर मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ के सदस्यों ने बताया कि संजीव सिंह को अचानक धनबाद जेल से दुमका जेल शिफ्ट कर देना एक साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा होने से धनबाद में फल फूल रहे असामाजिक तत्वों को बढ़ावा मिलेगा। उनका कहना है कि संजीव सिंह का जुर्म अभी साबित नहीं हुआ है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इधर संजीव का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता जा रहा है, इस स्थिति में उन्हें बेहतर इलाज की आवश्यकता थी। पर राज्य सरकार एवं प्रशासन की मिलीभगत से उन्हें दुमका जेल शिफ्ट कर दिया गया। इसे संघ बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संजीव को धनबाद जेल में पुनः शिफ्ट कराने के लिए जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार / बिमल /