grand-alliance-candidate-hafeezul-hasan-will-win-by-a-margin-of-record-votes-rameshwar
grand-alliance-candidate-hafeezul-hasan-will-win-by-a-margin-of-record-votes-rameshwar 
झारखंड

महागठबंधन उम्मीदवार हफीजुल हसन की रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत होगी : रामेश्वर

Raftaar Desk - P2

रांची, 10 अप्रैल (हि. स.)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री रामेश्वर उरांव तीन दिवसीय मधुपुर दौरा पूरा कर शनिवार को वापस रांची लौट आये। उन्होंने यह उम्मीद जतायी है कि उपनचुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार हफीजुल हसन की रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत होगी। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा कि मधुपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार और मंत्री हफीजुल हसन की जीत को लेकर कहीं कोई संदेह नहीं है। भाजपा सांसद निशिकांत दूबे द्वारा दो मई को चुनाव परिणाम आने पर राज्य में सरकार बदल जाने पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में रामेश्वर उरांव ने कहा कि बड़बोलेपन के लिए चर्चित रहे निशिकांत दूबे को पहले यह सोचना चाहिए कि वे खुद अगली बार चुनाव जीतेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार उनकी कृपा से नहीं बनी है। जनता ने कांग्रेस, झामुमो और राजद को पूर्ण बहुमत दिया है और यह बहुत पूरे पांच वर्षां के लिए दिया है। इसलिए राज्य सरकार आराम से अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि रामेश्वर उरांव ने अपने दौरे के क्रम में मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंड अध्यक्षों, मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्त्ताओं से दर्जनों बैठकें की। कई छोटी बड़ी चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया। कई अन्य नेताओं, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ ही जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया। प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि मधुपुर उपचुनाव में गठबंधन उम्मीदवार की जीत अब महज औपचारिकता भर शेष रह गयी है। 17 अप्रैल को मतदान में अधिक से अधिक मतदाता अपने घरों से बाहर निकलेंगे और रिकॉर्ड मतों के अंतर से हफीजुल हसन की जीत होगी। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण