Barkakana Ranchi Rail line to be ready by 2022: DRM
Barkakana Ranchi Rail line to be ready by 2022: DRM 
झारखंड

2022 तक बनकर तैयार होगा बरकाकाना रांची रेल लाईन : डीआरएम

Raftaar Desk - P2

-डीआरएम पहुंचे हजारीबाग, किया निरीक्षण हजारीबाग, 30 दिसंबर (हि.स.)। धनबाद रेल मंडल के डीआरएम आशीष बंसल बुधवार को हजारीबाग स्टेशन पहुंचे। वे रेलवे विभाग के सैलुन (विशेष ट्रेन) से बरकाकाना होते हुए हजारीबाग पहुंचे। हजारीबाग पहुंचने के बाद डीआरएम ने अधिकारियों से कई विषयों की जानकारी ली और कई आवश्यक निर्देश भी अधिकारियों को दिया। उन्होंने कटकमदाग रेलवे साइडिंग का भी निरीक्षण किया। साथ ही हजारीबाग साइडिंग के बाबत भी जानकारी ली। इसके पूर्व बरकाकाना से हजारीबाग रेल मार्ग का भी उन्होंने निरीक्षण किया। बातचीत के क्रम में पूछने पर डीआरएम ने कहा कि 2022 तक बरकाकाना रांची रेल लाईन का निर्माण कार्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि अभी भी इस मार्ग में कई टनल का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में 2022 तक ही यह लाईन पूरा हो सकेगा। गौरतलब है कि 2020 में ही बरकाकाना रांची रेलमार्ग को पूरा होना था, लेकिन कोरोना के कारण अब इसमें विलंब की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण बंद कोडरमा बरकाकाना भाया हजारीबाग पैसेंजर ट्रेन राज्य सरकार की मांग पर ही फिर से प्रारंभ होगा। करीब दो वर्ष पूर्व हजारीबाग में करोड़ों रुपये की लागत से कोच मेंटेंनेस की सुविधा मुहैया कराने की दिशा में शिलान्यास होने के बावजूद काम प्रारंभ नहीं होने के बावत पूछने पर डीआरएम ने कहा कि कोरोना के कारण इसमें देरी आई है। यह योजना पारित है, लेकिन फंड नहीं रहने के कारण इसपर काम नहीं शुरू हुआ है। उन्होंने 2021 में इस योजना पर फिर से काम प्रारंभ होने की आशा जताई। हिन्दुस्थान समाचार/शाद्वल-hindusthansamachar.in