anganwadi-sahayika-saved-12-lives-district-administration-also-did-salute
anganwadi-sahayika-saved-12-lives-district-administration-also-did-salute 
झारखंड

आंगनबाड़ी सहायिका ने 12 लोगों की बचाई जान, जिला प्रशासन ने भी किया सेल्यूट

Raftaar Desk - P2

15/05/2021 रामगढ़, 15 मई (हि.स.)। कोरोना काल में अपने भी बेगाने हो गए हैं। इस विषम परिस्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सेविका और सहायिका लगातार अपनी सेवाएं दे रही हैं। जिले की एक सहायिका ऐसी भी है, जो सिर्फ अपने पोषक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि दर्जनों गांवों में जाकर कोरोना मरीजों की सेवा कर रही है। उसकी सजगता और बुद्धिमता से कई लोगों की जान भी बची है। उसके इस जज्बे को जिला प्रशासन ने भी सेल्यूट किया है। पतरातू प्रखंड के बीडीओ देवदत पाठक ने बताया कि आंगनबाड़ी दुन्दुवा की सहायिका रंजू सिंह अपने पोषक क्षेत्र एवं पंचायत के अलावे दूसरे पंचायत के कोरोना पोजेटिव लोगो को हर संभव सहयोग कर रही हैं। शनिवार को सहायिका रंजू सिंह को मुखिया लव कुमार महतो ने सम्मानित भी किया। 12 मरीजों को नहीं मिलती तत्काल सहायता तो हो जाती मौत पतरातू प्रखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी दुन्दुवा की सहायिका रंजू सिंह ने बताया की वे लगातार लोगों को कोरोना से बचने के लिए जागरूक कर रही हैं, जो भी संक्रमित उन्हें मिलते हैं उनको वे जरूरी सलाह के साथ पर मेडिकल किट भी उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना के दूसरे लहर में अब तक 12 ऐसे लोग उन्हें मिले हैं जिन्हें अगर तत्काल सहायता नहीं मिलती तो उनकी मौत हो जाती। रंजू सिंह ग्राम पंचायत बुध बाजार दोतल्ला की सहायिका है। लेकिन इस जानलेवा कोरोना महामारी में अपने ग्राम पंचायत के अलावे अपनी जान की चिंता किए बिना निःस्वार्थ भाव लोगों की सेवा कर रही हैं। अपने अगल-बगल पंचायत चोरधरा, बुध बाजार देत्तला, इमली गाछ, बुध बाजार चीफ हाउस के ग्रामीणों से लगातार संपर्क में रहती हैं। जानकारी मिलने पर कोविड मरीज की जांच करवाना, पोजेटिव रिपोर्ट आई तो उनका इलाज हेतु समय पर मेडिकल किट उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रहती है। साथ ही इसकी सूचना सभी प्रखंड और जिला स्तर पर पर भी दे देती हैं। अगर मरीज की तबीयत बिगड़ती है तो तत्काल उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने के जुगाड़ में लग जाती हैं। प्रवासी नागरिकों को करती हैं जागरूक रंजू सिंह कोरोना मरीजों के इलाज के साथ-साथ गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाती हैं। बाहर से आये प्रवासी व्यक्तियों को क्वारंटाइन करवाना आदि कार्य बहुत ही निपुणता के साथ कर रहीं हैं। इनके कार्य में एएनएम लीलावती कुमारी, सहिया साथी डोमणिका देवी इनका भरपूर सहयोग कर रही है। मुखिया ने बताया रंजू को पंचायत की शान स्थानीय मुखिया लव कुमार महतो रंजू सिंह को अपने पंचायत की शान मानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी उन्हें पंचायत के अलावा प्रखंड स्तर और जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। रंजू की सबसे अच्छी बात यह है कि वह कभी भी मदद करने में पीछे नहीं हटती हैं। उनका जज्बा ऐसा है कि लोगों का दर्द कम हो जाता है। वैसे तो उन्होंने कई लोगों की जान बचाई है। लेकिन 12 मरीजों की जान सिर्फ उनकी सजगता की वजह से बची है। हिन्दुस्थान समाचार/ अमितेश