297-soldiers-took-oath-of-service-in-punjab-regimental-center
297-soldiers-took-oath-of-service-in-punjab-regimental-center 
झारखंड

पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में 297 जवानों ने ली देश सेवा की शपथ

Raftaar Desk - P2

03/04/2021 रामगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ के पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में शनिवार को 297 जवानों ने देश सेवा की शपथ ली। जवानों के प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद किला हरि ड्रिल स्क्वायर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। नव प्रशिक्षित जवानों ने नौ महीने के कठिन प्रशिक्षण के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज की उपस्थिति में धार्मिक ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता और गुरु ग्रंथ साहिब को साक्षी मानकर राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व बलिदान देने का संकल्प लिया। नव प्रशिक्षित जवानों ने भारतीय सेना के उच्चतम परंपरा और पंजाब रेजिमेंट बैंड धुन के साथ एक उत्कृष्ट और उत्साही परेड प्रस्तुत किया। मौके पर मुख्य अतिथि ने जवानों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण होने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने उनके भविष्य में आने वाली चुनौतियों से भी अवगत कराया। जवानों को आने वाली विभिन्न चुनौतियों के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित भी किया गया। इस दौरान जवानों को कठिन परिश्रम के साथ काम करते हुए रेजिमेंट और भारतीय सेना को गौरवान्वित करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अव्वल दर्जे का प्रदर्शन करने वाले जवानों को पदक तथा पुरस्कार भी प्रदान किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/ अमितेश