26 नवंबर को सड़क पर उतर हड़ताल को बनाएंगे सफल : अंसारी
26 नवंबर को सड़क पर उतर हड़ताल को बनाएंगे सफल : अंसारी 
झारखंड

26 नवंबर को सड़क पर उतर हड़ताल को बनाएंगे सफल : अंसारी

Raftaar Desk - P2

मेदिनीनगर, 24 नवम्बर (हि.स.)। जिले के नौडीहा बाजार अंचल के ग्राम अमवाडीह में सरइडीह क्षेत्र के भाकपा कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को मोइनुद्दीन अंसारी की अध्यक्षता में हुई। मौके पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य सूर्यपत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि सुधार के नाम पर मजदूर विरोधी किसान विरोधी कारपोरेट पक्षी कानून बनाकर एवं सरकारी कंपनियों को सौ फ़ीसदी निवेश का छूट दे दिया है। किसान मजदूरों को बेवकूफ बनाया जा रहा है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। बैठक में जिला सचिव रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि किसानों की हित की बात कहने के नाम पर कारपोरेटो की झोली भरने का कार्य किया जा रहा है। आलू ,प्याज को बाहर कर उनके कीमतों में बेतहाशा वृद्धि कर जनता के थाली से निवाला छीना जा रहा है। वहीं श्रम कानून और कृषि कानून के नाम पर किसानों और कर्मचारियों को छलने का काम किया जा रहा है, जिसके खिलाफ आम जनता को गोलबंद होकर देशव्यापी होने वाले 26 नवंबर के हड़ताल को सफल बनाना होगा और सड़क पर उतर कर सरकार के इस कानून का विरोध प्रकट करना होगा। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/वंदना-hindusthansamachar.in