प्रदेश भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेई को उनके जन्मदिवस पर दी श्रद्धांजलि
प्रदेश भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेई को उनके जन्मदिवस पर दी श्रद्धांजलि 
जम्मू-कश्मीर

प्रदेश भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेई को उनके जन्मदिवस पर दी श्रद्धांजलि

Raftaar Desk - P2

जम्मू, 25 दिसम्बर ( हि स ) । भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को त्रिकूटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जम्मू कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता खासतौर पर मौजूद थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके द्वारा भारत की प्रगति व उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस के अवसर पर जम्मू समेत समस्त भारत तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उन्हें याद किया जा रहा है। वह भारत के उन प्रधानमंत्रियों में से थे जिन्होंने भारत का गौरव बढ़ाया। विपक्ष के नेता के रूप में भी उन्होंने पूरी दुनिया में जाकर भारत का मान सम्मान बढ़ाया। वहीं प्रधानमंत्री के नाते भी उन्होंने विशेष उपलब्धियों हासिल की जिसमे पोखरण में हुए परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को बुरी तरह से हराना, घुसपैठियों को मार गिराना, अलगाववाद तथा आतंकवाद की मानसिकता पर जबर्दस्त प्रहार करना, राष्ट्रवाद को मजबूत करना तथा एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को बढ़ावा देना शामिल है। रैना ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि अटल के जीवन से प्रेरणा लेकर के भाजपा कार्यकर्ता यह संकल्प लेते हैं कि अपना पूरा जीवन अपने देश और समाज के लिए काम के लिए लगाएंगे तथा भारत माता व तिरंगे झंडे के लिए कार्य करते हुए राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित होंगे। हिन्दुस्थान समाचार / राहुल / बलवान-hindusthansamachar.in