two-municipal-corporations-in-kangra-district-all-eyes-on-a-big-challenge-for-both
two-municipal-corporations-in-kangra-district-all-eyes-on-a-big-challenge-for-both 
हिमाचल-प्रदेश

कांगड़ा जिला में दो नगर निगम चुनावों पर सबकी नजर, दोनों के लिए बड़ी चुनौती

Raftaar Desk - P2

धर्मशाला, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पूर्व सत्ता का सेमीफाइनल माने जाने वाले नगर निगम चुनाव सत्तासीन भाजपा सरकार व संगठन के लिए बड़ी चुनौती रहने वाले हैं। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा जिला में दो नगर निगम चुनावों पर सबकी नजर है। धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम के लिए होने वाले चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। भाजपा जहां धर्मशाला नगर निगम पर पहली बार कब्जा करने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ रही है वहीं कांग्रेस अपना वर्चस्व बनाने के लिए लड़ाई लड़ रही है। पालमपुर में भी हाल कुछ ऐसा ही है। पूर्व में नगर परिषद रहे पालमपुर में भी कांग्रेस का काफी पुराना कब्जा रहा है। ऐसे में नगर निगम बनने केे बाद कांग्रेस पालमपुर में भी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा जोर लगा रही है। इन दोनों नगर निगम में एक बात यह है कि धर्मशाला में जहां भाजपा का विधायक है तो वहीं पालमपुर में कांग्रेस का विधायक सत्तासीन है। ऐसे में इन दोनों के लिए भी अपनी पार्टी को जीत दिलाना बड़ी चुनौती है। हालांकि इन दोनों नगर निगमों में सत्तासीन भाजपा ने अपने मंत्रियों सहित संगठन के नेताओं को भी जिम्मेवारी सौंपी है। वन मंत्री राकेश पठानिया और परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर के लिए भी नगर निगम चुनाव में भाजपा को जीत दिलाना प्रतिष्ठा का सवाल है। धर्मशाला में वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा रहा है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा की अगुवाई में एक शानदार जीत दर्ज कर 17 में से 14 पार्षद बने थे। ऐसे में दूसरी बार फिर कांग्रेस धर्मशाला में जीत दर्ज करने के लिए तैयार बैठी है। सुधीर शर्मा ने जिस तरह से मंत्री रहते हुए धर्मशाला में विकास कार्य करवाए थे उसे इन चुनावों में भुनाने के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार बैठी है। वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार में रहते हुए इन दोनों चुनावों को जीतना चाहेगी। हालांकि यह तो सात अप्रैल को तय होगा कि कौन कितने पानी में लेकिन इतना जरूर है कि मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। गौरतलब है कि धर्मशाला में दूसरी बार नगर निगम के लिए चुनाव होना है जबकि पालमपुर में पहली बार नगर निगम का चुनाव हो रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील