transport-services-will-be-found-online-in-himachal-the-first-state-made-in-the-country
transport-services-will-be-found-online-in-himachal-the-first-state-made-in-the-country 
हिमाचल-प्रदेश

हिमाचल में ऑनलाइन मिलेंगी परिवहन सेवाएं, देश का बना पहला राज्य

Raftaar Desk - P2

शिमला, 25 फरवरी (हि.स.)। हिमाचल में अब किसी भी जिले में लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं परमिट सहित अन्य परिवहन सेवाओं के लिए आर.टी.ओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है। वीरवार से हिमाचल मेंं परिवहन विभाग ऑनलाइन होते हुए देश का पहला राज्य बना गया है। देश में हिमाचल पहला एक ऐसा राज्य बना है जहां पर लोगों का घर बैठे अब परिवहन सेवाएं मिलेगी। प्रदेश में लोगों को ऑनलाइन परिवहन सेवाएं देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में राज्य परिवहन विभाग की ई-परिवहन व्यवस्था का शुभारम्भ किया। इस मौके पर मुख्मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से तकनीक ने हमारे जीवन को परिवर्तित किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए वर्ष 2014 में डिजिटल इंडिया की परिकल्पना की थी। कहा कि कोविड महामारी के दौरान तकनीक के उपयोग के कारण आवश्यक सेवाएं बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हुई हैं। व्यापार में सुगमता में हिमाचल प्रदेश 16वें स्थान से सातवें स्थान पर पहुंच गया है जिसका पूरा श्रेय प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को जाता है। प्रदेश सरकार ने पहले ई-विधानसभाए उसके उपरांत ई-बजट और अब ई-केबिनेट की शुरूआत की है। ई-परिवहन भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ई-परिवहन व्यवस्था प्रचार साहित्य को भी जारी किया। वहीं इस मौके पर प्रधान सचिव परिवहन के.के पंत ने बताया कि प्रदेश में लगभग 18 लाख वाहन पंजीकृत किए गए हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य राज्य के लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं प्रदान करना है। परिवहन बिक्रम सिंह ने कहा कि शिमला और कांगड़ा जिले में दो पायलट परियोजनाएं शुरू की गई थी जिनमें खामियों को सुधारने के उपरांत पूरे प्रदेश में इस प्रणाली को क्रियान्वित किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील