rath-yatra-to-be-taken-out-for-50-years-of-development-journey-of-himachal-jairam-thakur
rath-yatra-to-be-taken-out-for-50-years-of-development-journey-of-himachal-jairam-thakur 
हिमाचल-प्रदेश

हिमाचल की 50 वर्षों की विकास यात्रा को लेकर निकाली जाएगी रथ यात्रा : जयराम ठाकुर

Raftaar Desk - P2

धर्मशाला, 18 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश की 50 वर्षों की विकास यात्रा को लेकर रथ यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल से आरम्भ होगी। इसके लिए सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और पारम्परिक मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय रथ यात्रा समन्वय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाने पर भी विचार कर रही है, जिसमें देश के राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति अथवा लोकसभा अध्यक्ष को आमंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा के सम्पूर्ण कार्यक्रम की संकल्पना और योजना के लिए राज्य स्तरीय उप-समितियों का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये उप-समितियों सम्पूर्ण कार्यक्रम के कार्यान्वयन और निगरानी सुनिश्चित करेंगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि रथ यात्रा को सफल बनाने में सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को उनकी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी और लोगों को प्रदेश की पिछले 50 वर्षों की विकास यात्रा के बारे में जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि पहला सत्र विधानसभा में आयोजित किया जाएगा और दूसरे दिन पीटरहॉफ शिमला में सत्र आयोजित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जहां विधानसभा के पूर्व सदस्य राज्य की पिछले 50 वर्षों की विकास यात्रा के बारे में अपने अनुभव सांझा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान राज्य की 50 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए वीडियो क्लिप्स भी तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि परम्परागत लोक नृत्य और गीतों के माध्यम से लोगों को राज्य की उपलब्धियों के बारे में जागरूक करने के लिए बेहतरीन स्थानीय कलाकारों को भी शामिल किया जाना चाहिए। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डा. राजीव बिन्दल ने समारोह की शानदार सफलता के लिए अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा में लोगों की भागीदारी के लिए चुने हुए प्रतिनिधियों और संबंधित पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों के मध्य समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज ने कहा कि यात्रा में संबंधित विधानसभा क्षेत्र की उपलब्धियों की झलक भी प्रदर्शित की जानी चाहिए। इस अवसर पर अन्य सदस्यों ने भी इस समारोह को सफल बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील-hindusthansamachar.in