nominations-of-congress-candidates-canceled-under-conspiracy-prem-kaushal
nominations-of-congress-candidates-canceled-under-conspiracy-prem-kaushal 
हिमाचल-प्रदेश

षड़यंत्र के तहत रद्द किए गए कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन : प्रेम कौशल

Raftaar Desk - P2

धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पालमपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के दो प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने के बाद यहां सियासत भी गर्मा गई है। कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने के बाद पार्टी ने इसे भाजपा संगठन और सरकार का षड़यंत्र करार दिया है। पार्टी ने इस फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का भी निर्णय किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने पालमपुर नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी के दो प्रत्याशियों के नामांकन रद्द करने को भाजपा और सरकार का एक रणनीतिक षड़यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारों पर अधिकारी भी कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में इस घटनाक्रम ने चुनावों की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह पैदा कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जिन वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हुए हैं वहां कांग्रेस के कवरिंग प्रत्याशी जीत दर्ज कर भाजपा को आइना दिखाऐंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इन चुनावों में जीत दर्ज कर अधिकारियों के साथ मिली भगत करने वाली भाजपा के मंसूबों को धराशायी करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में भी कानूनी लड़ाई लड़ेगी क्योंकि सम्बन्धित अधिकारी द्वारा नामांकन रद्द करने का निर्णय कानून सम्मत न हो कर राजनीतिक दबाव में लिया गया निर्णय है। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील