धर्मशाला, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम चुनावों से पहले ही अपनी हार से बौखलाहट में है। उन्होंने कहा झूठ बोलने की आदत कांग्रेस के डीएनए में है। नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेसी नेता झूठ बोलने की हदें पार कर चुके हैं। शनिवार को धर्मशाला में जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता नगर निगम चुनाव के मद्देनजर अनाप-शनाप बयानबाजी कर भाजपा और सरकार पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे है। उन्होंने कहा कि अंदरखाने कांग्रेस पार्टी में आपसी मतभेद और गुटबाजी सुलगी हुई है। पंचायती राज चुनावों में मिली हार ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अंदर तक झकझोर दिया है। कांग्रेस के नेता अपनी सभी मर्यादाएं भूल कर हिमाचली संस्कृति और संस्कारों को भी भूल गए। उन्होंने कहा कि कोई राजनीतिक दल चुनावों में मिली हार से इतना बौखला सकता है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। विपक्ष के नेताओं ने विधानसभा सत्र को स्थगित करने के बाद किए गए शर्मनाक कृत्य को प्रदेश की जनता ने अपनी आंखों से देखा है। कांग्रेस नेता नगर निगम चुनावों में झूठी अफवाहें फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला, पालमपुर, मंडी व सोलन नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवार भारी बहुमतों से अपनी जीत को दर्ज करेंगे तथा भाजपा इन चारों नगर निगमों में अपने मेयर व डिप्टी मेयर बनाएगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में भी कांग्रेस की करारी हार तय है। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील