Congress lost in Shimla municipal defeat: Yashwant Chhajta
Congress lost in Shimla municipal defeat: Yashwant Chhajta 
हिमाचल-प्रदेश

शिमला में नगर निकाय चुनाव की हार से बौखलाई कांग्रेस : यशवंत छाजटा

Raftaar Desk - P2

शिमला, 12 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह नगर निकाय चुनावों की हार से बौखला गई है तथा भाजपा कांग्रेस समर्थित जीते हुए लोगों को अपने पक्ष में करने का पूरा दवाब बना रही है। कई तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। यहां तक कि उन्हें डराने का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए शिमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि शिमला जिला की कुल आठ नगर निकायों में कांग्रेस ने छह पर अपनी जीत का परचम लहराया है। भाजपा का जीत का दावा झूठा है। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। छाजटा ने शिमला जिला में कांग्रेस की जीत का पूरा व्योरा देते हुए बताया कि रामपुर नगर परिषद की कुल 9 सीटों में से कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की है,यहां भाजपा को केवल 2 सीटे ही मिली।इसी तरह ठियोग नगर परिषद में कुल 7 में से कांग्रेस को 4 पर जीत हासिल हुई भाजपा को यहां करारी हार का सामना करना पड़ा है। उसे यहां एक भी सीट नही मिली। 3 सीटों निर्दलियों ने जीत हासिल की है। नगर परिषद रोहड़ू में 7 सीटों में से 6 कांग्रेस को 1 पर निर्दलीय विजयी हुआ है।भाजपा को यहां एक भी सीट नही मिली है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत नारकंडा में 4 पर कांग्रेस 1 पर भाजपा और 2 पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है।सुन्नी में 5 पर कांग्रेस 2 पर भाजपा ने जीत हासिल की।चौपाल में 4 पर कांग्रेस 3 पर भाजपा, कोटखाई में 3 पर कांग्रेस 3 पर ही भाजपा और 1 पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है। जुब्बल में कांग्रेस को 2 पर ही जीत हासिल हुई है। छाजटा ने कहा कि भाजपा का यहां जीत का दावा पूरी तरह झूठा और गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि जोड़ तोड़ की राजनीति में माहिर भाजपा निर्दलीयों को अपना बता कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तोड़ने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों से अब प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ साथ जिला परिषद व बीडीसी चुनावों में कांग्रेस की जीत का परचम जारी रहेगा और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ जीत कर अपनी सरकार बनाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील-hindusthansamachar.in