commendable-move-to-hold-municipal-elections-in-himachal-on-party-symbol-congress
commendable-move-to-hold-municipal-elections-in-himachal-on-party-symbol-congress 
हिमाचल-प्रदेश

हिमाचल में पार्टी सिंबल पर नगर निगम चुनाव करवाना सराहनीय कदम : कांग्रेस

Raftaar Desk - P2

शिमला, 24 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार द्वारा नगर निगम के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाने के निर्णय का स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस इसकी मांग पहले से ही करती आ रही थी। अब इस निर्णय के बाद दलबदल पर भी अंकुश लगेगा और किसी भी खरीदफरोख्त और लोकतंत्र की मर्यादाओं के किसी भी हनन पर रोक लगेगी। राठौर ने कहा कि जिला परिषद व नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने बैकडोर एंट्री कर उन लोगों को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर बिठाया जो उनके, भाजपा के अधिकृत लोगों को हरा कर चुनाव जीते। उन्होंने अपनी मांग फिर दोहराई है कि भाजपा अपने अधिकृत जीते हुए लोगों की सूची जारी करें। पत्रकारों के साथ बातचीत में राठौर ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ नगर निगम के चुनावों में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन चुनाव क्षेत्रों में पहले ही अपने पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्ति कर दिए है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि वह स्वछ छवि वाले जिताऊ उम्मीदवारों को इन चुनावों में उतारे। राठौर ने प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में लोगों को किसी बड़ी राहत की उम्मीद को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार नगर निगम चुनावों के दृष्टिगत कुछ लोक लुभावने वायदे तो कर सकती है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम वर्ग परेशान है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल पर से वेट कम करने की मांग करते हुए कहा है कि इससे बढ़ती महंगाई से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। राठौर ने किसान आंदोलन के समर्थन में गुम्मा में आयोजित शिमला जिला कांग्रेस की पदयात्रा को अति सफल बताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने अब भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन शुरू करने जा रही है जिसकी जल्द ही रूपरेखा घोषित की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील