bjp-should-become-municipal-corporation-for-tourists-to-get-better-facilities-in-dharamshala-anurag
bjp-should-become-municipal-corporation-for-tourists-to-get-better-facilities-in-dharamshala-anurag 
हिमाचल-प्रदेश

धर्मशाला में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए भाजपा का नगर निगम बनना जरूरी : अनुराग

Raftaar Desk - P2

धर्मशाला, 05 अप्रैल (हि.स.) । केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। अब नगर निगम में भी भाजपा काबिज होती है तो इसे तीन इंजन का किया जाएगा ताकि धर्मशाला में विकास के नए आयाम स्थापित हो सकें। अनुराग ठाकुर सोमवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। अनुराग ने कहा कि केंद्र से न तो धन की कमी पहले आई है और न ही आने देंगे। धर्मशाला सुंदर शहर है, यहां पर सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए। यह सुविधाएं तभी बढ़ेंगी अगर नगर निगम भाजपा का होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस बोलती कुछ है और करती कुछ है। धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस का था लेकिन यहां पर जब भी विश्व स्तर का मैच करवाने का प्रयास किया गया तो कई तरह समस्याओं का सामना करना पड़ा। यहां पार्किंग एक बड़ी चुनौती है। विश्व स्तर के आयोजनों के दौरान यहां आने वाले सैलानियों से पर्यटन को बूस्ट मिलता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि यहां पर सुविधाएं भी उसी स्तरीय हों। इसलिए नगर निगम भाजपा का बनना जरूरी है। अनुराग ने कहा कि प्रदेश को 10500 करोड़ रुपये व 44500 करोड़ मोदी की सरकार में ग्रांट आई। केंद्रीय करों में हिमाचल का हिस्सा है वह कांग्रेस काल 2009 से 2014 में 9 हजार 350 करोड़ आया है तो वहीं मोदी काल में यह बढ़कर 20830 करोड़ रुपये आया। मोदी सरकार ने हिमाचल को दोगुना ही दिया है। लेकिन स्थानीय निकाय में पैसा खर्च करने में इच्छा शक्ति नहीं थी। इसलिए सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि इस साल फिर से विश्व कप मैच का आयोजन यहां करवाना चाहते हैं। धर्मशाला में सुविधाएं बेहतर हों, ताकि यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिले व लोगों का व्यवसाय चमके। धर्मशाला को फिर से दुनिया के सामने दिखाने का मौका आया है। ऐसे में इससे पहले जो काम चल रहे हैं, वह जल्द पूरा करने होंगे और इसके लिए धर्मशाला में नगर निगम भाजपा की बनानी होगी। विश्व कप से पहले काफी तेजी से यहां पर काम करना होगा, ताकि बेहतर सुविधाएं मिल सकें। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील