राजपथ पर आगजनी करने वालों के खिलाफ सांसद तिवारी ने की कठोर कार्रवाई की मांग
राजपथ पर आगजनी करने वालों के खिलाफ सांसद तिवारी ने की कठोर कार्रवाई की मांग 
दिल्ली

राजपथ पर आगजनी करने वालों के खिलाफ सांसद तिवारी ने की कठोर कार्रवाई की मांग

Raftaar Desk - P2

-नीलकांत बख्शी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज कराएंगे एफआईआर नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। कृषि बिल के विरोध में इंडिया गेट स्थित राजपथ पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा ट्रैक्टर को आग के हवाले करने पर दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली सांसद मनोज तिवारी ने इसकी कड़ी भर्त्सना की है। सांसद तिवारी ने राजपथ पर की गई आगजनी की घटना को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अराजकता की पटकथा लिखकर अब विपक्षी दल के लोग तबाही का प्रदर्शन कर दिल्ली और देश का माहौल ख़राब करना चाहते हैं। इसके साथ ही किसानों को मोहरा बनाकर अपना राजनैतिक उल्लू साधने की कोशिश कर रहे हैं। तिवारी ने कहा कि रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा कृषि बिल को मंजूरी मिल गई और सोमवार को राष्ट्रपति भवन से कुछ दूरी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया। यह कोई साधारण घटना नहीं है। गंभीरता को बयां करने के लिए यह घटना काफी है। दंगा और आगजनी किसी समस्या का समाधान नहीं है बल्कि एक बड़ी तबाही की आहट हैं। सांसद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस यह स्पष्ट करे कि क्या राजपथ पर आगजनी करने वाले उसके कार्यकर्ता थे? यदि थे तो यह कौन सा तरीका है? सांसद तिवारी ने कहा कि आगजनी के लिए लोगों को उकसाकर वह किसानों के हितों को नहीं बल्कि उनके अहित की तैयारी कर रहे हैं। क्योंकि देश के किसान का हित उनके इस कृषि बिल में ही है। वहीं दिल्ली भाजपा मीडिया के प्रमुख नीलकांत बख्शी ने राजपथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई आगजनी की घटना को देश में हिंसा फैलाने की साजिश करार दिया है। बख्शी ने कहा कि “वह इस घटना के लिए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे, क्योंकि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराने ट्रैक्टर को ट्रक पर लाद कर लाए और फिर राजपथ पर देश में हिंसा फैलाने के लिए उसमें आग लगा दी। यह एक प्रकार से दंगे की साजिश है और मैं इस साजिश को रोकने के लिए एफआईआर दर्ज कराऊंगा।” हिन्दुस्थान समाचार/वीरेन-hindusthansamachar.in