दिल्ली पुलिस हेडकांस्टेबल ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी
दिल्ली पुलिस हेडकांस्टेबल ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी 
दिल्ली

दिल्ली पुलिस हेडकांस्टेबल ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 28 जुलाई ( हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के साकेत थाने के एक हवलदार ने मंगलवार को अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। खबर के फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मरने वाले हेड कांस्टेबल का नाम 34 वर्षीय संजय यादव बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संजय अलवर के रहने वाले थे। संजय ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह अपने भाई की बीमारी के चलते लंबे समय से अवसाद में थे। फिलहाल हेड कांस्टेबल की मौत की जांच कर रही टीम इसे अभी अवसाद का ही मामला मान रही है, हालांकि अधिकारी कुछ भी स्पष्ट कहने से इनकार कर रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतज़ार कर रहे है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या की सही वजह जांच के बाद ही सामने आ पाएगी। उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को भी दिल्ली पुलिस की पीसीआर में तैनात एक कांस्टेबल 26 वर्षीय परीक्षित ने बुराड़ी के अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके पिता भी खुद दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रतन सिंह-hindusthansamachar.in