चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता फैलाने लगते हैं भ्रम : चहल
चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता फैलाने लगते हैं भ्रम : चहल 
दिल्ली

चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता फैलाने लगते हैं भ्रम : चहल

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 9 नवम्बर (हि.स.)। दिल्ली भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने आरोप लगाया है कि जैसे ही कोई चुनाव नजदीक आता है तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता भ्रम फैलाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीनों नगर निगम की छवि खराब करने के और उनके नेताओं द्वारा फर्जी वीडियो वायरल करने पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के संपत्ति कर की हेराफेरी का आरोप न केवल झूठा है बल्कि यह एक सुनियोजित साजिश है। महामंत्री चहल ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। चहल ने एक वीडियो भी दिखाया जिसमें गलत तरीके से आप ने कैग, पुलिस और निजी चैनल का लोगो इस्तेमाल करते हुए भाजपा की छवि खराब की जा रही है। आप पहले से ही भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और उसके नेता दुर्गेश पाठक एवं विकास गोयल अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर 14000 करोड़ रुपये के हेरफेर का आरोप लगा रहे हैं। चहल ने कहा कि जो वीडियो नगर निगम को बदनाम करने के लिए फैलाया जा रहा है उसकी जांच आईटी टीम से करवाने पर पता चला कि यह वीडियो किसी निजी चैनल का नहीं बल्कि व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए चलाया गया है जिसमें कैग और पुलिस का जिक्र है। उन्होंने बताया कि इस कृत्य के लिए दिल्ली भाजपा की लीगल टीम ने आईपीसी की धारा 420, 468, 469, 471 और आईटी एक्ट 66सी के तहत एफआईआर दर्ज कराया है। निगम का 13 हजार करोड़ रुपये न देना पड़े इसके लिए आप के नेता अब एक नया शगुफा लेकर आए हैं। उन्होंने कह कि दुर्गेश पाठक और सौरभ भारद्वाज दोनों को ही निराधार आरोप लगाने की आदत है लेकिन अब भाजपा के प्रदेश नेता यह सुनिश्चित करेंगे कि आप के नेताओं पर कड़ी कार्रवाई हो। हिन्दुस्थान समाचार/वीरेन-hindusthansamachar.in