केजरीवाल के नेतृत्व में चल रही सरकार है फर्जी वादों, दावों और अभियानों की आधारशिला : गुप्ता
केजरीवाल के नेतृत्व में चल रही सरकार है फर्जी वादों, दावों और अभियानों की आधारशिला : गुप्ता 
दिल्ली

केजरीवाल के नेतृत्व में चल रही सरकार है फर्जी वादों, दावों और अभियानों की आधारशिला : गुप्ता

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 21 नवम्बर (हि.स.)। विगत कई दिनों से दिल्ली भाजपा की ओर से प्रदेश भर में पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शनिवार को मयूर विहार जिले के दल्लूपुरा में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का उद्धाटन किया। इस दौरान गुप्ता ने दिल्ली सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को सिविल डिफेंस की टीम को सड़कों पर प्लेकार्ड देकर खड़ा करने के बजाय सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में दो गज की दूरी एवं कोरोना से लड़ने में मास्क के महत्व के बारे में जागरुकता लाने के लिए नियुक्त करना चाहिए। भाजपा दिल्ली के कार्यकर्ता बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के बीच जागरुकता फैलाकर कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने पर काम कर रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान, भाजपा के कार्यकर्ता और स्वयंसेवी संस्थाएं स्वेच्छा से आगे आए और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। हम सब मिलकर नि:स्वार्थ भाव से नियमित रूप से समाज के विकास और उन्नति के लिए कार्य करते हैं, न कि अन्य राजनीतिक पार्टियों की तरह चुनाव से पहले। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों की भावना को समझना चाहिए और पूरी लगन और निष्ठा के साथ काम करना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा, जिलाध्यक्ष विनोद बछेती, मंडल अध्यक्ष अमर पाल, निगम पार्षद राजीव कुमार सहित जिले एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/वीरेन-hindusthansamachar.in