update--asi-shot-himself-due-to-domestic-reasons
update--asi-shot-himself-due-to-domestic-reasons 
दिल्ली

अपडेट...घरेलू कारणों के चलते एएसआई ने खुदकों मारी गोली

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। मोती नगर इलाके में शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस की पीसीआर में तैनात एएसआई तेजपाल (55) ने सर्विस पिस्टल ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि एएसआई ने घरेलू वजहों से खुदकुशी की है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर खुदकुशी करने के कारणों की जांच में जुटी है। गाजियाबाद के राजनगर में रहने वाले एएसआई तेजपाल ने 1986 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। परिवार में पत्नी के अलावा नौ साल का बेटा है, जिसे तेजपाल ने गोद लिया था। शुक्रवार रात आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक उसकी ड्यूटी पीसीआर वैन में थी। वह मोती नगर इलाके में गश्त पर था। शनिवार सुबह करीब सात बजे जखीरा के पास चालक ने गाड़ी खड़ी की थी। चालक जैसे ही गाड़ी से बाहर निकला एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से छाती की बाईं ओर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही चालक और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक पहुंचे और घायल तेजपाल को आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। तेजपाल के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। क्राइम टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य उठाया। पुलिस तेजपाल के फोन को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक सुसाइड करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कारणों की वजह से उसने खुदकुशी की है। पारिवारिक कारणों से डिप्रेशन में था एएसआई अभी तक की जांच में पता चला है कि एएसआई का अपना कोई बच्चा नहीं था। उसने अपने साले के बेटे को गोद लिया था। जिसकी उम्र अभी नौ साल है। आशंका जताई जा रही है कि वह डिप्रेशन में था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर कारणों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। तेजपाल के दो अन्य भाई हैं। एक भाई रुड़की में रहता है जबकि दूसरा भाई गाजियाबाद में रहता है। गाजियाबाद में रहने वाला भाई यूपी पुलिस से सेवानिवृत है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी