रोहिणी के निगम प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र का उद्घाटन
रोहिणी के निगम प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र का उद्घाटन  
दिल्ली

रोहिणी के निगम प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र का उद्घाटन

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के महापौर जय प्रकाश ने सोमवार को रोहिणी सेक्टर-9 स्थित नगर निगम के प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक विजेंद्र गुप्ता, उप-महापौर ऋतु गोयल, रोहिणी वार्ड समिति के अध्यक्ष आलोक शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) डॉ. रश्मि सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। आदेश गुप्ता ने एनडीएमसी द्वारा बनाए गए आइसोलेशन केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में उत्तरी दिल्ली निगम नागरिकों की सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इस केंद्र में 50 बेड की सुविधा उपलब्ध है। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए निगम के अन्य क्षेत्रों में भी आइसोलेशन केंद्र बनाए जाएंगे। महापौर जय प्रकाश ने कहा कि इस आइसोलेशन केंद्र के खुलने से कोरोना से संक्रमित व्यक्ति को उनके घर के पास ही यह सुविधा उपलब्ध होगी। यह पहल कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने में एक मील का पत्थर साबित होगी। इस केंद्र में हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है और आइसोलेशन केंद्र की देखरेख निगम के हिन्दूराव अस्पताल के डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के हाथों में होगी। आइसोलेशन केंद्र के हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसकी फुटेज मरीज के परिजनों को उपलब्ध होगी। उप-महापौर ऋतु गोयल ने बताया कि नगर निगम के हर क्षेत्र में जरूरत के अनुसार आइसोलेशन केंद्र शुरू करने की पहल की गई है, जिसकी शुरुआत आज रोहिणी क्षेत्र से हुई है। इस केंद्र में 50 बेड की सुविधा है। इस आइसोलेशन केंद्र के हर कमरे में जरूरत के अनुसार हर सुविधा जैसे; ऑक्सीजन सिलेंडर, सैनिटाइजर, इन्फ्रारेड थर्मामीटर, पानी गर्म करने के लिए मशीन आदि उपलब्ध है। हिन्दुस्थान समाचार/ वीरेन्द्र-hindusthansamachar.in