Rahul Gandhi
Rahul Gandhi  Raftaar
नई-दिल्ली

राहुल गांधी का भाजपा पर बड़ा हमला, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को बताया BJP-RSS का राजनीतिक कार्यक्रम

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह को राजनीतिक कार्यक्रम बताते हुए बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि ये आरएसस और बीजेपी का कार्यक्रम बन गया है और मुझे लगता है इसीलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे।

मुझे धर्म का फायदा नहीं उठाना आता

इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का कोई भी व्यक्ति, जो भी दर्शन के लिए जाना चाहता है, वो जा सकता है। राहुल गांधी ने अपना स्टैंड स्पष्ट करते हुए कहा कि वे राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में नहीं जा रहे हैं। इसके पीछे उन्होंने कार्यक्रम में हो रही राजनीति का हवाला दिया है। राहुल गांधी ने कहा हम सभी धर्मों के साथ हैं। मुझे धर्म का फायदा नहीं उठाना आता है। मैं उसमें इंट्रेस्टेड नहीं हूं। मुझे मेरे धर्म को शर्ट पर पहनने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जो भी वहां जाना चाहता है, वो जा सकता है। लेकिन हम उस दिन वहां नहीं जाएंगे। हमारी पार्टी से भी कोई वहां जा सकता है। लेकिन हम राजनीतिक कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। हिन्दू धर्म के प्रमुख लोगों (शंकराचार्य) तक ने कहा है कि यह धार्मिक कार्यक्रम नहीं है।

'इंडिया' गठबंधन की स्थिति बहुत अच्छी है

राहुल गांधी ने आगे कहा, "जो मेरी सोच है वह यह है कि जो सचमुच में धर्म को मानता है वह धर्म के साथ निजी रिश्ता रखता है। मैं धर्म के सिद्धांतों से अपनी जिंदगी जीने की कोशिश करता हूं। लोगों के साथ ठीक से बर्ताव करता हूं, उनकी इज्जत रखता हूं। मैं नफरत नहीं फैलाता हूं।" इसके साथ राहुल गांधी ने 'इंडिया' गठबंधन पर बात करते हुए कहा कि हमारे गठबंधन की स्थिति बहुत अच्छी है और हम आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की नफरत वाली राजनीति को हरा कर रहेंगे।

22 जनवरी को असम में होगी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’

अपको बता दें राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’100 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली है। इस दौरान यह यात्रा 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करने जा रहीं है। ज्यादातर यात्रा बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। यात्रा का समापन महाराष्ट्र के मुंबई में होगा। हम मोहब्बत की बात करते हैं और करते रहेंगे। 22 जनवरी को मेरी यात्रा असम में होगी।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in