Arvind Kejriwal
Varun Roojam 
ED Raid
Arvind Kejriwal Varun Roojam ED Raid Raftaar.in
चंडीगढ़

दिल्ली के बाद, पंजाब में ED का शिकंजा, आबकारी आयुक्त वरुण रूजम के ठिकाने पर ED Raid

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की दिल्ली शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद ED ने अब पंजाब का रुख कर लिया है। ED की टीम आज सुबह 7 बजे चंडीगढ़ में कई स्थानों पर छापा मारा है। इनमें पंजाब आबकारी विभाग के कमिश्नर वरुण रूजम का आवास भी शामिल है।

इस मामले में नाम आया सामने

कमिश्नर वरुण रूजम का आवास चंडीगढ़ के सेक्टर 20 में है। इसके अतिरिक्त मोहाली के बाकरपुर में हुए अमरूद घोटाले में वरुण रूजम की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को दिल्ली सरकार की कथित आबकारी नीति घोटाले से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

केजरीवाल ने खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली शराब नीति घोटाले में ED द्वारा गिरफ्तारी को उन्होंने अवैध करार दिया है। केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और रिमांड को कोर्ट में चुनौती दी है। आज इस मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच में सुनवाई चल रही है।

6 दिन की ED रिमांड पर केजरीवाल

दिल्ली शराब घोटाला के आरोप में 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में 22 मार्च को पेश किया गया। जहां ED ने उनकी 10 दिन की हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने केजरीवाल को 28 मार्च तक की रिमांड पर भेज दिया। स्पेशल जज कावेरी बावेजा की अदालत को ED का प्रतिनिधित्व कर रहे एएसजी एसवी राजू ने बताया कि शराब नीति इस तरह से बनाई गई थी। जिससे रिश्वत को बढ़ावा मिला। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने एहसान के बदले साउथ ग्रुप से 200 करोड़ की रिश्वत की मांग की। रिश्वत के बदले साउथ ग्रुप ने दिल्ली में शराब कारोबार का नियंत्रण हासिल कर लिया।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in