राजद ने की किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा
राजद ने की किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा 
बिहार

राजद ने की किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा

Raftaar Desk - P2

गया, 23 दिसम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल ने किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और कार्यकर्ताओ ने पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती को लेकर बुधवार को संगोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान राजद कार्यकर्ता शहर के गांधी मंडप में इकट्ठा हुए और स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। राजद जिलाध्यक्ष मो. मुर्शीद आलम उर्फ नेजाम ने कहा कि आज हमलोग स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर पूरे बिहार प्रदेश में संगोष्ठी का आयोजन कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर बिहार के सभी जिलों में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर राजद पूरी तरह से उनके साथ है। केंद्र की गूंगी-बहरी सरकार अगर किसानों की मांग को पूरा नहीं करती है, तो राजद पूरे देश में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कई किसान शहीद हो गए। फिर भी केंद्र सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। आज किसानों की स्थिति दयनीय है। हमारे अधिकतर राजद कार्यकर्ता किसान है, इसलिए किसानों की स्थिति को भलीभांति समझ रहे हैं। जब भी घर में बेटी की शादी-विवाह का मौका आता है तो किसानों को अपनी जमीन बेचनी पड़ती है। इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है? किसानों के धान का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। बिचौलियों के द्वारा कम दाम पर किसानों का धान खरीदा जा रहा है। यही बिचौलिए बाद में धान को ऊंचे दाम पर बेचेंगे और किसान की स्थिति ज्यों की त्यों बनी रहेगी। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/चंदा-hindusthansamachar.in